चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में चल रही उथलपुथल के बीच इस्तीफा देने के बाद पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ पहुंच गए हैं.वड़िंग की कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ करीब 11 बजे महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित थी ऐसे में इस मुलाकात पर पूरे पंजाब की नजरें टिकी हुई हैं. देखने वाली बात यह है कि लगातार नेतृत्व परिवर्तन के बीच अब राहुल गांधी क्या फैसला लेते हैं.

माना जा रहा है कि बैठक में पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम के साथ-साथ संगठन में होने वाले संभावित बदलावों पर भी चर्चा हो सकती है. राजा वड़िंग का यह राहुल गांधी से मुलाकात का कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. खबरों की माने तो यह इस्तीफा वडिंग ने राहुल गांधी से फोन में बात करने के बाद दिया था. इसके बाद ही वह अपने इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल में भी खुद को पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष लिखा था.

अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं

आपको बता दें कि अब तक किसी को भी यह नहीं पता है कि राहुल गांधी और वडिंग के बीच क्या बात हुई थी और उन्होंने बिना देरी किए क्यों इस्तीफा दिया. इसके बाद वह हाईकमान से मिलने भी जा रहे हैं. इस्तीफे के बाद वड़िंग की ओर से हाईकमान के फैसले के खिलाफ कोई तीखी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है उन्होंने खुद को कांग्रेस का सिपाही बताते हुए पार्टी के लिए काम करते रहने की बात कही है. यह कई सवाल है जो अब भी बरकरार हैं.

क्या जिम्मेदारी मिलेगी वडिंग को

अब राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है कि करीब साढ़े चार साल तक पंजाब कांग्रेस की कमान संभालने वाले वड़िंग को आगे पार्टी में क्या जिम्मेदारी दी जाएगी. वड़िंग वर्ष 2022 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने थे और 2024 के लोकसभा चुनाव में लुधियाना से सांसद चुने गए.

इन नामों पर चर्चा

पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान को लेकर कई नाम चर्चा में हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे चल रहा है. इसके अलावा परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, राणा केपी सिंह और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम भी चर्चा में हैं. चरणजीत सिंह चन्नी का नाम भी इस दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं माना जा रहा है. कांग्रेस की ओर से अभी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा का इंतजार सभी को है.