Rajasthan Assembly Session: राजस्थान में आज से विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। सत्र शुरू होने से पहले जयपुर की सड़कों पर शिक्षा विभाग के नए आदेश को लेकर सियासी घमासान देखने को मिला। कांग्रेस विधायकों ने स्कूलों में फोटो-वीडियो बनाने और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में विधायक आनंद पोद्दार मूक-बधिर स्कूल पहुंचे और वहां से विधानसभा तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार इन पाबंदियों के जरिए स्कूलों की जमीनी हकीकत को सामने आने से रोकना चाहती है।

स्कूलों में फोटो-वीडियो पर रोक का कांग्रेस ने किया विरोध

कांग्रेस विधायकों ने शिक्षा विभाग के उस आदेश पर सवाल उठाए, जिसमें स्कूलों में फोटो-वीडियो बनाने और बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्कूलों में बच्चों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं और इन हालात को सामने लाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई स्कूलों की व्यवस्थाओं की कमी को उजागर करने के लिए फोटो या वीडियो बनाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई और यहां तक कि पॉक्सो एक्ट लगाने की चेतावनी दी जा रही है।

आनंद पोद्दार मूक-बधिर स्कूल पहुंचे विधायक

टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक आनंद पोद्दार मूक-बधिर स्कूल पहुंचे। विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, अमित चाचाण और डूंगर राम गेदर ने भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

कांग्रेस विधायकों ने कहा कि वे स्कूल में मूक-बधिर बच्चों के बीच पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की ओर रवाना हुए।

नारेबाजी करते हुए विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। पुलिस ने हाई कोर्ट सर्किल और विद्युत भवन के पास बैरिकेड्स लगाए थे। इसके बावजूद कांग्रेस विधायक आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।

बैरिकेड्स पर चढ़े विधायक, गेट खोलने की मांग

विधानसभा की ओर बढ़ते समय कुछ कांग्रेस विधायक बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इस दौरान बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश भी की गई। कांग्रेस विधायक अब हाड़ौती द्वार पर बड़ा गेट खोलने की मांग कर रहे हैं।

धरने में सचिन पायलट भी हुए शामिल

कांग्रेस के इस प्रदर्शन में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी शामिल हुए। उनके शामिल होने से विधानसभा सत्र के पहले शिक्षा विभाग के आदेश को लेकर कांग्रेस का विरोध और ज्यादा राजनीतिक रूप से अहम हो गया। कांग्रेस ने स्कूलों में फोटो-वीडियो और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक के फैसले पर सरकार से सवाल पूछे हैं। पार्टी का कहना है कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए।

पढ़ें ये खबरें