Rajasthan ATS Action: राजस्थान एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने आतंकवाद से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की जांच के तहत टोंक से एक युवक को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान वासित के रूप में हुई है। उस पर एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े होने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। एटीएस उसे टोंक से जयपुर लेकर पहुंची है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध हैंडलर से संपर्क का शक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एटीएस को इनपुट मिला था कि वासित कथित तौर पर सीमा पार या विदेश में मौजूद जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) के किसी संदिग्ध हैंडलर के संपर्क में था।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि डिजिटल माध्यमों के जरिए किस तरह की जानकारी साझा की जा रही थी और इस संपर्क की वास्तविक प्रकृति क्या थी। इस संबंध में डिजिटल गतिविधियों की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
घर की तलाशी, डिजिटल डिवाइस और बैंक डिटेल्स जब्त
कार्रवाई के दौरान राजस्थान ATS की टीम ने टोंक स्थित वासित के आवास की तलाशी ली। टीम ने मौके से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं।
इसके अलावा संदिग्ध के बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी कब्जे में ली गई है। जांच एजेंसियां संभावित फंडिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रही हैं।
जयपुर के बाद दिल्ली ले जाने की भी संभावना
एटीएस फिलहाल वासित से जयपुर में पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक जांच के आधार पर उसे आगे की पूछताछ के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी लाया जा सकता है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध का राज्य में किसी नेटवर्क से संबंध था या नहीं। मामले में राजस्थान ATS के साथ केंद्रीय एजेंसियां भी जानकारी जुटा रही हैं। फिलहाल पूरे मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही संदिग्ध के कथित आतंकी संपर्क और अन्य आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के 7 लोगों की बिगड़ी तबीयत, 3 बच्चों की हालत गंभीर
- Jharkhand Weather Today: विजयादशमी पर कैसा रहेगा झारखंड का मौसम? जानें तापमान और बारिश का हाल
- असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी आज, CM सम्राट और नीतीश ने बिहारवासियों को दी बधाई
- पीएम मोदी ने विजयादशमी की बधाई दीः कहा- विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें देशवासी, आईपी एक्सटेंशन में देर शाम रावण दहन करेंगे
- प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत! एकसाथ दुनिया को कहा अलविदा, आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल

