Rajasthan CMO Bomb Threat: राजस्थान के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी भरा फोन पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 11 बजे आया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी फोर्स के साथ CMO पहुंचे और सुरक्षा जांच शुरू की। पुलिस ने फोन करने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और धमकी देने की वजह का पता लगाया जा रहा है।

CMO को पहली बार फोन के जरिए मिली धमकी
जयपुर डीसीपी साउथ राजश्री राज वर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में CMO को बम से उड़ाने की धमकी वाला कॉल आया था। कॉल मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने फोन करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किस वजह से CMO को लेकर धमकी दी और उसका मकसद क्या था। डीसीपी के मुताबिक, इससे पहले CMO को लेकर मिलने वाली धमकियां ईमेल के जरिए आती रही हैं। फोन के जरिए CMO को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह पहला मामला है।
विधानसभा और हाईकोर्ट को भी मिल चुकी हैं धमकियां
राजस्थान में सरकारी इमारतों और महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां पहले भी मिलती रही हैं। इससे पहले जयपुर विधानसभा, रेलवे स्टेशन, हाईकोर्ट, सवाई मानसिंह अस्पताल और जयपुर एयरपोर्ट को धमकी मिल चुकी है।
राजधानी के कई नामचीन स्कूलों और अस्पतालों को भी इस तरह की धमकियां दी जा चुकी हैं। ऐसे मामलों में पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच करती रही है। हालांकि, अब तक की ऐसी घटनाओं में जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
जयपुर के बाहर भी मिल चुकी हैं धमकियां
बम की धमकियों का सिलसिला सिर्फ जयपुर तक सीमित नहीं रहा है। जोधपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर समेत राजस्थान के दूसरे शहरों में भी सरकारी भवनों को निशाना बनाकर धमकियां दी जाती रही हैं। कई मामलों में एक साथ कई सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इनमें पासपोर्ट कार्यालय और डाक विभाग के भवनों को भी निशाना बनाने की धमकियां शामिल रही हैं। फिलहाल पुलिस CMO को मिली ताजा धमकी के मामले में संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- नमक की जगह दे दिया सर्फ! मिड-डे मील खाते ही 2 दर्जन से अधिक छात्रों की तबीयत बिगड़ी, मचा हड़कंप
- जाजपुर में CM मोहन माझी के दौरे के दौरान भड़की हिंसा: BJD और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने दर्ज किए 4 केस
- विरोध की आवाज दबाने सोशल मीडिया पर सेंसरशिप, 5 महीने में ब्लॉक किए 1.95 लाख अकाउंट… खरगे का सरकार पर हमला
- बाल संप्रेषण गृह में बड़ी चूक: नशे में धुत नाबालिग ने साथी पर चाकू से किया हमला, पेट में आए 3 टांके
- इंदौर में 40 करोड़ की सड़क का ‘लाइव सरेंडर’! पाइपलाइन टेस्ट होते ही धंसी, मंजर देख सहम उठे लोग

