RCA Election 2026: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव से ठीक एक दिन पहले बड़ा सियासी और खेल घटनाक्रम सामने आया है। नाम वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के दावेदार पराक्रम सिंह राठौड़ ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उन्होंने कहा कि उनके पैनल के पास 32 मतों का बहुमत था, लेकिन पार्टी के फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने चुनाव से हटने का निर्णय लिया। इसके साथ ही उनके पूरे पैनल ने भी अपने नाम वापस ले लिए हैं।

पराक्रम सिंह राठौड़ पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे हैं। नाम वापसी के बाद अब RCA चुनाव में नया समीकरण बन गया है। पराक्रम ने अपने फैसले के पीछे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश और आपसी सहमति को वजह बताया।
हमारे पास बहुमत था, लेकिन पार्टी सर्वोपरि
नाम वापस लेने के बाद मीडिया से बातचीत में पराक्रम सिंह राठौड़ ने कहा कि उन्होंने मजबूत पैनल के साथ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। उनके मुताबिक, पैनल के पास 32 मतों का समर्थन था। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की स्थिति में होने के बावजूद पार्टी के फैसले का सम्मान करते हुए नामांकन वापस लिया है। पराक्रम ने यह भी बताया कि उनके पैनल में कुछ नामांकन डमी कैंडिडेट के तौर पर भरे गए थे। इसका मकसद मुख्य उम्मीदवार का फॉर्म तकनीकी वजह से खारिज होने की स्थिति में पैनल का प्रतिनिधित्व बनाए रखना था।
बृजकिशोर उपाध्याय के समर्थन में पीछे हटे
पराक्रम राठौड़ ने बृजकिशोर उपाध्याय के समर्थन में अपनी दावेदारी वापस लेने की बात कही। उन्होंने उपाध्याय को अपना भाई बताते हुए कहा कि दोनों क्रिकेट के शुरुआती दौर से साथ काम करते रहे हैं। पार्टी के निर्देश और आपसी सहमति के बाद उन्होंने अपना नाम वापस लेने का फैसला किया। इसके साथ ही चुनाव को लेकर उनके और दूसरे खेमे के बीच संभावित टकराव की स्थिति भी खत्म हो गई।
पूरे पैनल ने वापस लिए नाम
नाम वापसी के आखिरी दिन सिर्फ अध्यक्ष पद का समीकरण नहीं बदला। पराक्रम राठौड़ के पैनल के दूसरे उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी वापस ले ली। उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार मनोज चौधरी ने नाम वापस लिया। कोषाध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे राजेश कुमार माथुर ने भी उम्मीदवारी छोड़ दी। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार और मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर ने भी अपना नाम वापस ले लिया। इन नाम वापसी के बाद अब RCA की छह सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में मुकाबले की तस्वीर बदल गई है।
29 सितंबर को होना है RCA का चुनाव
RCA की छह सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है। मतदान सुबह 11 बजे शुरू होगा। चुनाव में कुल 38 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें जिला क्रिकेट संघों के सचिव, कन्वीनर और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। नाम वापसी के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि चुनाव प्रक्रिया किस तरह पूरी होती है और नई कार्यकारिणी की तस्वीर क्या रहती है।
पढ़ें ये खबरें
- मनेर में प्रखंड प्रमुख पति और पैक्स अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाज के दौरान संजीत की मौत
- बूढ़ा हो रहा चीन, 9 साल बाद बीजिंग में हर तरफ दिखेंगे बूढ़े ; आबादी बढ़ाने निकाल रहा नई-नई तरकीब
- Realme P4 Lite 5G पर बड़ा डिस्काउंट, 7000mAh बैटरी वाला फोन 18,999 रुपये में खरीदने का मौका
- Atar Singh Bhadana Murder Case: वायरल वीडियो में मंत्री बेढ़म पर आरोप, 27 सितंबर की बैठक फिर चर्चा में
- भोपाल के बैरागढ़ हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा: 12 साल की मासूम की विस्तृत पीएम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि; पुलिस ने बढ़ाई पॉक्सो और रेप की धाराएं
