Rajasthan Food Adulteration: दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही राजस्थान में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। बालोतरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कृषि उपज मंडी के प्रतिष्ठानों से 3,133 किलो संदिग्ध सरसों तेल और 209 किलो घी सीज किया। वहीं, उदयपुर में श्री कृष्णा डेयरी के संचालक के घर पर छापा मारकर करीब 71 किलो तैयार घी और 30 किलो क्रीम जब्त की गई। विभाग के अनुसार, संचालक ने क्रीम में वनस्पति मिलाकर घी तैयार करने की बात स्वीकार की है।

बालोतरा में 3133 किलो सरसों तेल और 209 किलो घी सीज
बालोतरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कृषि उपज मंडी स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मैसर्स माधव ट्रेडिंग कंपनी से गुड़ और दुर्गा ब्रांड सरसों तेल के नमूने लिए गए। यहां से 3,133 किलो संदिग्ध सरसों तेल सीज किया गया।
इसी तरह महावीर ट्रेडर्स से आशीष ब्रांड घी का नमूना लेकर 209 किलो संदिग्ध घी जब्त किया गया। टीम ने महारानी मावा भंडार से मीठे मावे का नमूना भी लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने बताया कि दीपावली को देखते हुए दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों और खाद्य तेलों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीमें बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। शिकायत या सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने की हिदायत दी। साथ ही आमजन से भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की। डॉ. चौधरी ने कहा कि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और मिलावट करने वालों के खिलाफ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरधारी राम और भोजराज सहित टीम मौजूद रही।
उदयपुर में डेयरी संचालक के घर मिला 71 किलो घी
उदयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हिरण मगरी सेक्टर-5 स्थित श्री कृष्णा डेयरी के संचालक शंकर लाल पटेल के एकलिंगपुरा स्थित मकान पर छापा मारा। यहां से करीब 70 से 71 किलो तैयार घी और 30 किलो क्रीम बरामद हुई। टीम ने घी और क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य के अनुसार, विभाग को शिकायत मिली थी कि सेक्टर-5 स्थित श्री कृष्णा डेयरी पर मिलावटी घी बेचा जा रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया था कि घी घर पर तैयार किया जाता है।
शिकायत के आधार पर टीम पहले डेयरी पर पहुंची, लेकिन वहां घी नहीं मिला। पूछताछ के दौरान संचालक ने घी बेचने और एकलिंगपुरा में मकान होने से इनकार किया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर वह टीम को अपने मकान पर ले गया। तलाशी में दो केन में करीब 70 से 71 किलो घी और एक अन्य केन में 30 किलो क्रीम मिली।
क्रीम और वनस्पति मिलाकर तैयार करता था घी
विभाग के मुताबिक, पूछताछ में संचालक ने क्रीम में वनस्पति मिलाकर घी तैयार करने की बात स्वीकार की। वह इस घी को अपनी डेयरी पर बेचने के अलावा आसपास के गांवों में शादी-ब्याह और धार्मिक प्रसादी के कार्यक्रमों में भी सप्लाई करता था।
संचालक ने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए वह घर से थोड़ा-थोड़ा घी लाकर दुकान पर बेचता था। उसका कहना था कि कार्रवाई से पहले दुकान पर रखा घी एक ग्राहक को बेच दिया गया था। फिलहाल जब्त घी और क्रीम के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
पढ़ें ये खबरें
- हाईकोर्ट से BJP नेताओं ने वापस लिया कोरोना शुल्क के हिसाब-किताब से जुड़ी PIL, जानिए क्या रही वजह?
- IND vs NZ ODI Series: टी20 का रोमांच खत्म… अब वनडे सीरीज में होगी भारत-न्यूजीलैंड की भिड़ंत, जानिए कब और कहां होंगे मुकाबले
- राजस्थान की 30 योजनाओं ने देश में बनाई पहचान, 12 में पहला स्थान; जानिए किन क्षेत्रों में बना रिकॉर्ड
- बिहार में दूध और मछली कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार, CM सम्राट ने ICCC और सुधा संपर्क का किया उद्घाटन
- मिर्जापुर में नया बखेड़ा: ब्राह्मणों को लेकर टिप्पणी पर घिरे सपा नेता, कटघरे में आते ही दी ‘फर्जी वीडियो’ की सफाई

