Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। चित्तौड़गढ़ के बस्सी में मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक सबसे ज्यादा 227 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जयपुर समेत कई शहरों में सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि कोटा में मुकंदरा टनल में पानी भरने के कारण इसे यातायात के लिए बंद करना पड़ा।

जयपुर में कई इलाकों में जलभराव
राजधानी जयपुर में तेज बारिश के बाद अजमेरी गेट, चारदीवारी, रेलवे स्टेशन, बाइस गोदाम सर्किल, रामबाग और टोंक फाटक समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे यातायात की रफ्तार धीमी रही और कई जगह जाम की स्थिति बनी। निचले इलाकों के साथ शहर के कई पॉश क्षेत्रों में भी पानी भर गया। इससे मोटरसाइकिल और कार सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चलते नजर आए।
बस्सी में 227 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी में मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक 227 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारां और उदयपुर में अतिभारी बारिश हुई। इसके अलावा भीलवाड़ा, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राजसमंद और नागौर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई।
मुकंदरा टनल में करीब एक फुट पानी
कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की मुकंदरा टनल में पानी भरने के कारण इसे बुधवार दोपहर यातायात के लिए बंद करना पड़ा। टनल में करीब एक फुट पानी भर गया, जिसे पंपों के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। टनल बंद होने के बाद मुंबई की ओर से आने वाले वाहनों को एनएच-52 पर डायवर्ट किया गया। कोटा-झालावाड़ एनएच-52 पर दरा की नाल के पास भी जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फुट के पार
उदयपुर में लगातार बारिश के चलते उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फुट से अधिक हो गया है। बांध की पूर्ण भराव क्षमता 24 फुट है। कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पानी की आवक बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने बुधवार दोपहर बांध के दो गेट एक-एक फुट तक खोल दिए।
पढ़ें ये खबरें
- यूपी में मौसम साफ, 7 दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; इस जिले की हवा सबसे खराब
- Bihar Morning News: गांधी मैदान में रावण दहन, NDA की बैठक, महिलाएं खेलेंगी सिंदूर की होली
- 20 अक्टूबर महाकाल भस्म आरती: दशहरे पर बाबा का अलौकिक श्रृंगार, दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्त हुए भावविभोर… यहां कीजिए दर्शन
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 20 October: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- जीवन सूक्त : दुर्गा विसर्जन बने सद्गुणों का जागरण, दशानन के साथ हो दस अवगुणों का दहन – संदीप अखिल
