Rajasthan High Court Building Case: जोधपुर में राजस्थान हाईकोर्ट की नई इमारत के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और भवन की खामियों से जुड़े मामले में कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में RSRDC के तत्कालीन प्रोजेक्ट ऑफिसर नवीन रॉय, इंजीनियर जितेंद्र शर्मा और जेके इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्ट के मालिक रामेश्वर खंडेलवाल व निदेशक गोपाल लाल खंडेलवाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में मानव जीवन को खतरा बताया गया था। एसीपी हिमांशु शर्मा ने चारों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
2024 में दर्ज हुई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में कोर्ट ऑफिसर शरद जोशी ने मामले में रिपोर्ट दी थी। इसमें 2023-24 के दौरान हाईकोर्ट की नई इमारत में छत गिरने, पानी भरने समेत आठ घटनाओं का जिक्र किया गया था। रिपोर्ट में RSRDC के अधिकारियों और कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। जांच अधिकारी एसीपी हिमांशु शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
जांच में सामने आईं भवन की खामियां
भवन में सामने आई खामियों को लेकर हाईकोर्ट प्रशासन ने IIT जोधपुर और मुंबई से जांच करवाई थी। इसी दौरान भवन के डोम को लेकर भी खतरा सामने आया। इसके बाद डोम के नीचे लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। हाल ही में जांच रिपोर्ट के आधार पर हाईकोर्ट ने मामले में प्रसंज्ञान लिया। रिपोर्ट में डोम के गिरने के खतरे और भवन की स्थिति को लेकर जानकारी सामने आई। इसके बाद कोर्ट ने मुख्य सचिव समेत बड़े अधिकारियों को तलब किया है।
एक आरोपी हो चुके हैं रिटायर
कुड़ी थाना पुलिस ने दो साल पहले दर्ज एफआईआर में RSRDC के तत्कालीन प्रोजेक्ट ऑफिसर नवीन रॉय को गिरफ्तार किया है। नवीन रॉय अब रिटायर हो चुके हैं। उनके अलावा इंजीनियर जितेंद्र शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जेके इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्ट के जयपुर निवासी मालिक रामेश्वर खंडेलवाल और निदेशक गोपाल लाल खंडेलवाल को भी गिरफ्तार किया है।
15 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई
हाईकोर्ट में भवन से जुड़े प्रसंज्ञान मामले पर 15 सितंबर को सुनवाई होनी है। इस दौरान बड़े अधिकारियों की पेशी होनी है। सुनवाई से पहले पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है।
पढ़ें ये खबरें
- हाईकोर्ट ने की 19 न्यायिक अधिकारियों की सेवा की पुष्टि, रजिस्ट्री के विभिन्न संवर्गों में भी पदोन्नति
- त्योहारी सीजन में मिलावट पर सख्ती: रायपुर में चांदी वर्क की दुकानों पर जांच, 5 ब्रांड के लिए गए सैंपल, 8 पैकेट जब्त
- बिजली का बिल मांगना पड़ा भारी! उज्जैन में वसूली टीम पर पिता-पुत्र का जानलेवा हमला, घसीट-घसीटकर पीटा
- देहरादून में करवाचौथ की धूम: पतियों की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने रखा व्रत, CM धामी ने पत्नी संग विधि-विधान से की पूजा
- चक्रवात के कारण हरियाणा के इन इलाकों में चलेंगी 60 किमी की रफ्तार से हवाएं, जानिए अपडेट

