Rajasthan Hospital Canteen News: राजकीय और निजी अस्पतालों के अंदर व आसपास चल रहे रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को जेल सर्किल स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय की मैस पहुंची। यहां जांच के दौरान करीब 70 किलो आटा, मैदा, बेसन, अरहर दाल और मूंग दाल में इल्लियां मिलीं। टीम ने इन खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। मैस में पुरानी और फंगस लगी ब्रेड व पाव भी मिले। इन्हें भी नष्ट कराया गया।

आटा, मैदा और दाल में मिली इल्लियां

सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने मैस में रखी खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान आटा, मैदा, बेसन, अरहर दाल और मूंग दाल में इल्लियां पाई गईं। खाद्य सामग्री के खराब पाए जाने के बाद टीम ने करीब 70 किलो सामान मौके पर ही नष्ट करवा दिया। अधिकारियों ने यह कार्रवाई इसलिए की, ताकि खराब सामग्री का इस्तेमाल भोजन बनाने में नहीं हो सके।

फंगस लगी ब्रेड और पाव भी मिले

जांच के दौरान मैस में पुरानी ब्रेड और पाव भी पाए गए। इनमें फंगस लगी हुई थी। टीम ने इन्हें भी मैस से हटवाकर मौके पर ही नष्ट कराया। निरीक्षण में मैस की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैस संचालक को नोटिस जारी किया है।

सोयाबीन तेल और मसाले के सैंपल लिए

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मैस में इस्तेमाल किए जा रहे सोयाबीन तेल और मसाले के एक-एक नमूने भी लिए हैं। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

रेस्टोरेंट और ढाबों से भी लिए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टेल्को सर्किल के पास एक रेस्टोरेंट की किचन का भी निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। संचालक को नोटिस देने के साथ सर्विलांस के तहत दो नमूने लिए गए। इसके अलावा भगत सिंह सर्किल के पास एक रसोई से सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। आसपास के ढाबों से लाल मिर्च पाउडर और दही के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई में सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए हैं।

अस्पतालों के आसपास भी जारी रहेगी जांच

स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय और निजी अस्पतालों के अंदर तथा आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान केशव गोयल, विश्व बंधु गुप्ता, जय सिंह यादव, अशोक लखेरा, नीरज रावत, अंजली मीणा, अलका, नितेश और राजेश पूनिया मौजूद रहे।

पढ़ें ये खबरें