Rajasthan Independence Day 2026: राजस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह इस बार बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बीकानेर के शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, जयपुर विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण किया।

बीकानेर में मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के शहीद स्मारक पहुंचे। उन्होंने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सैन्यकर्मी भी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले वंदे मातरम् के गायन में हिस्सा लिया। इसके बाद ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य समारोह में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, डीजीपी राजीव शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
1200 स्कूली बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया। समारोह में करीब 1200 स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। राजस्थान के साथ देश के अलग-अलग राज्यों की लोक संस्कृतियों को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया। राजस्थान के मांगणियार कलाकारों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। इसके अलावा चरी, कालबेलिया, भवई और गेर नृत्य भी प्रस्तुत किए गए। उत्तर प्रदेश के मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य पेश किया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के कलाकारों ने छाऊ और रायबेसे नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, ओडिशा के कलाकारों ने पाइका नृत्य की प्रस्तुति दी।
विधानसभा भवन में वासुदेव देवनानी ने फहराया तिरंगा
जयपुर स्थित विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मदन राठौड़ ने किया ध्वजारोहण
जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जयपुर की बड़ी चौपड़ पर भी भाजपा की ओर से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति के नारे लगाए गए। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कांग्रेस ने भी बड़ी चौपड़ पर मनाया स्वतंत्रता दिवस
बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, विधायक प्रशांत शर्मा और जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीकर में झाबर सिंह खर्रा ने किया ध्वजारोहण
सीकर के जिला खेल स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यहां भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान
राजस्थान पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) संजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राजस्थान पुलिस के 15 मंत्रालयिक कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जयपुर पुलिस आयुक्तालय में पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने पुलिस सेवा में सराहनीय सेवाओं, कठिन परिश्रम और उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान 8 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, 48 को डीजीपी डिस्क और एक पुलिसकर्मी को प्रशंसा पत्र दिया गया।
पढ़ें ये खबरें
- India vs Afghanistan T20 Series से पहले टीम इंडिया को बड़ी राहत: ये धाकड़ खिलाड़ी हुआ फिट, बुमराह समेत इन प्लेयर्स की फिटनेस पर सस्पेंस बरकरार
- ‘सुंदर महिलाओं के शवों से होता है रेप’, संजय गांधी अस्पताल पर विधायक ने उठाए गंभीर सवाल
- घर में घुसते ही हमलावर ने शुरू की फायरिंग, PG संचालक के सिर में पॉइंट ब्लैंक से लगी गोली
- ये सिर्फ चुनावी स्टंट है…CM योगी की घोषणाओं को सांसद अवधेश प्रसाद ने बताया हवा-हवाई, चुनाव को लेकर कर दिया चौंकाने वाला दावा
- एयर इंडिया की फ्लाइट ने लिया Go-Around, दूसरे प्रयास में उतरा लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान, राहुल गांधी भी थे सवार



