Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बाद अब रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि उनकी पार्टी राजस्थान निकाय चुनाव बीजेपी के साथ मिलकर लड़ेगी और सीट बंटवारे को लेकर जल्द चर्चा होगी।

बीजेपी के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान
रामदास आठवले ने कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक करेगी, जिसमें सीटों के बंटवारे पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए कार्यों पर जनता का भरोसा है और उनकी पार्टी बीजेपी के समर्थन से ही चुनाव मैदान में उतरेगी।
छात्र प्रदर्शन पर क्या बोले आठवले?
छात्रों के प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदर्शन करने वालों में कई लोग महाराष्ट्र से भी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के प्रति उदार रुख अपनाने की बात कही और किसी भी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने भी इस्तीफा दिया। आठवले ने अपील की कि किसी भी आंदोलन के दौरान कानून को हाथ में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की मांगों पर कदम उठाए हैं और कठोर कानून भी बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके खिलाफ अपशब्द बोलने वाली एक छात्रा को भी माफ कर दिया।
लाठीचार्ज का समर्थन नहीं, लेकिन हिंसा भी गलत
रामदास आठवले ने कहा कि वह स्वयं आंदोलन की पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए आंदोलनों की प्रकृति को समझते हैं। उन्होंने कहा कि वह लाठीचार्ज का समर्थन नहीं करते, लेकिन संसद भवन तक मार्च करना और प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ करना भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की ओर से किसी प्रकार की गलती हुई है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन किया, जबकि उन्हें पहले से जानकारी थी कि छात्र भी वहां प्रदर्शन करने वाले हैं।
आठवले ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा कथित रूप से असंसदीय शब्दों के प्रयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए आरोपों के संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है।
ममता और अखिलेश पर भी किया हमला
रामदास आठवले ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी और अखिलेश यादव में केंद्र सरकार बदलने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, मुद्रा योजना के माध्यम से ऋण और उज्ज्वला योजना के जरिए गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन एनडीए के साथ है।
पढ़ें ये खबरें
- हाईकोर्ट का सख्त निर्देश, थानों में CCTV फुटेज की नियमित मॉनिटरिंग और पर्याप्त स्टोरेज करें सुनिश्चित, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
- दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का भविष्य हैं छात्र: CEC ज्ञानेश कुमार
- इस उम्र में ऐसा जज्बा? ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हुए 25 बुजुर्ग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
- पति को कॉल कर बोली- ‘मैं नर्मदा पुल पर खड़ी हूं’… फिर 27 वर्षीय महिला ने लगाई छलांग, बेसुध हुआ पति
- CM नायब सैनी को काले झंडे दिखाने के बाद लापता दोनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुरुग्राम में पेश, जमानत मिली

