Rajasthan National Schemes Ranking: राजस्थान ने केंद्र सरकार की राष्ट्रीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य ने 12 योजनाओं में देशभर में पहला, 10 में दूसरा और 8 में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन से राज्य सरकार विकास, सुशासन, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण के क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर पर मिली ये रैंकिंग राज्य सरकार की प्रशासनिक दक्षता, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कृषि बीमा और सौर ऊर्जा में राजस्थान देश में पहले नंबर पर

भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ और रबी 2025-26 में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राजस्थान देश में पहले स्थान पर रहा। पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के तहत अक्षय एवं सौर ऊर्जा की स्थापना और कंपोनेंट-सी के तहत सौरकृत फीडरों की संख्या में भी राज्य ने पहला स्थान हासिल किया है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर राजस्थान में 62 हजार 915 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 85 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। यह देश में सबसे अधिक सहभागिता रही। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में लक्षित इकाइयों के रूपांतरण और पोषण पखवाड़ा 2026 की गतिविधियों में भी राजस्थान पहले स्थान पर रहा।

फिट इंडिया और उज्ज्वला कनेक्शन में भी बनाया रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन 2024 के तहत देशभर में 10 हजार 443 कार्यक्रम आयोजित हुए थे। इनमें से 6 हजार से अधिक कार्यक्रम राजस्थान में हुए। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 11 हजार 209 शिविरों के माध्यम से 5.94 लाख उज्ज्वला कनेक्शन देने के मामले में भी राज्य पहले स्थान पर रहा।

जनभागीदारी अभियान में राजस्थान को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का पहला स्थान मिला। वर्ष 2025 में अंगदान और प्रत्यारोपण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार और प्रथम स्थान हासिल करना भी राज्य की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके अलावा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने विशेष तंबाकू निषेध पुरस्कार 2026 दिया। खनिज ब्लॉकों की नीलामी में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी राजस्थान को प्रथम पुरस्कार मिला।

इन 10 योजनाओं में राजस्थान दूसरे स्थान पर

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फरवरी 2026 की रैंकिंग और पोषण माह 2025 की गतिविधियों में राजस्थान ने दूसरा स्थान हासिल किया। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत आभा आईडी बनाने तथा पीएम विश्वकर्मा योजना में कौशल प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति और वितरण के मामलों में भी राज्य दूसरे स्थान पर रहा।

इसके अलावा वीबी-जी राम जी कार्यक्रम के तहत करीब 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में काम शुरू होने के आधार पर राजस्थान को दूसरा स्थान मिला। मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना में मई 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में भी राज्य दूसरे नंबर पर रहा।

सड़क निर्माण और रूफटॉप सोलर में भी दूसरा स्थान

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों की लंबाई के आधार पर राजस्थान को दूसरा स्थान मिला। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर के आवेदन, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण और वेंडर पंजीकरण के क्षेत्र में भी राज्य को द्वितीय पुरस्कार मिला।

डेयरी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के तहत राजस्थान को श्रेष्ठ डेयरी कोऑपरेटिव सोसाइटी और श्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी में दूसरा पुरस्कार मिला। वहीं, कृषि विभाग को प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आठ योजनाओं और कार्यक्रमों में तीसरे स्थान पर रहा राज्य

राजस्थान ने पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी और सौरकृत पंपों की संख्या के आधार पर कंपोनेंट-सी-एफएलएस में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत सक्रिय श्रमिकों की संख्या, सृजित मानव दिवस और सक्रिय जॉब कार्ड के आधार पर भी राज्य तीसरे स्थान पर रहा।

टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2024 में ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने, 100 दिवसीय अभियान और जनसहभागिता गतिविधियों में राजस्थान ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही नेशनल प्रोग्राम फॉर पैलिएटिव केयर, जल संचय जनभागीदारी 1.0 अभियान और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के क्रियान्वयन में भी राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिला।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सुशासन, जनकल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं का फायदा प्रत्येक पात्र नागरिक को मिले। उन्होंने कहा कि राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ सभी क्षेत्रों में बेहतर परिणाम हासिल करने के प्रयास जारी रहेंगे।

पढ़ें ये खबरें