Rajasthan News: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के पास गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह 5:20 बजे एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जयपुर के निवासी और अनुभवी पायलट राजवीर सिंह चौहान सहित सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में सभी यात्री, जो बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रहे थे, अपनी जान गंवा बैठे. राजवीर सिंह, जो हाल ही में जुड़वां बच्चों के पिता बने थे, के निधन से उनके परिवार और जयपुर में शोक की लहर है.

14 साल की सैन्य सेवा, 2000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव
जयपुर के शास्त्री नगर निवासी राजवीर सिंह चौहान ने भारतीय वायुसेना में कैप्टन के रूप में 14 साल तक सेवाएं दी थीं और लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से रिटायर हुए थे. इसके बाद उन्होंने नागरिक उड्डयन क्षेत्र में पायलट के रूप में काम शुरू किया. अक्टूबर 2024 में उन्होंने एक हेलीकॉप्टर एविएशन कंपनी जॉइन की थी. 2000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव रखने वाले राजवीर की अंतिम बातचीत एक अन्य हेलीकॉप्टर के पायलट से हुई थी, जिसमें उन्होंने खराब मौसम और धुंध के कारण वापस लौटने की बात कही थी. इसके बाद उनका संपर्क टूट गया, और दूसरे पायलट ने डीजीसीए को इसकी सूचना दी.
हेलीकॉप्टर क्रैश की वजह तकनीकी खराबी थी या खराब मौसम, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा. उत्तराखंड में सर्च ऑपरेशन जारी है, और हादसे की खबर मिलते ही जयपुर में राजवीर के घर पर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है. राजवीर अपनी पत्नी, माता-पिता और भाई के साथ रहते थे. चार महीने पहले जुड़वां बच्चों के जन्म से उनके परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ छीन लिया.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “केदारनाथ में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राजस्थान के पायलट और अन्य श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुखद है. बाबा केदार दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर दुख जताया, “केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे में जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान सहित सात लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दे. ॐ शांति.”
राजस्थान सरकार के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने लिखा, “केदारनाथ हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर के लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) राजवीर सिंह चौहान का असमय निधन अत्यंत दुखद है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को संबल प्रदान करे. पूरा प्रदेश इस दुख की घड़ी में चौहान परिवार के साथ है. ॐ शांति!”
पढ़ें ये खबरें
- आय से 1049 गुना अधिक संपत्ति मामला, कोर्ट ने कलेक्ट्रेट में पदस्थ रहे क्लर्क को सुनाई 4 साल की सजा
- इकाना में गूंजी क्रिकेट की नई उम्मीद, योगी बोले- यूपी टी-20 से गांव-जिलों की प्रतिभाओं को मिल रहा बड़ा मंच
- माई के दरबार में दोस्ती की अनूठी तस्वीर: पीताम्बरा पीठ में आमने-सामने हुए आशुतोष तिवारी-कांग्रेस नेता, गर्मजोशी से मिले गले
- लव ट्रायंगल में दिनदहाड़े हत्या: गर्लफ्रेंड को रोकने चलती कार पर चढ़ा युवक, आरोपी ने गिरने के बाद रौंदा, मौके पर हुई मौत, देखें VIDEO…
- नशे पर तगड़ा प्रहार: भोपाल रेलवे स्टेशन में DRI ने पकड़ी 7.5 करोड़ की ड्रग्स, चार नाइजीरियन और एक इंडियन गिरफ्तार


