Rajasthan News: राजस्थान के बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा फट जाए। यहां दुर्गापुरा गांव में जमीन के एक टुकड़े के लिए अपनों ने ही इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक गर्भवती महिला, जो 8 साल की मन्नत के बाद जुड़वा बच्चों की मां बनने वाली थी, उस पर लाठियों और पत्थरों से ऐसा हमला हुआ कि उसके दोनों मासूमों की कोख में ही मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा विवाद जमीन को लेकर था। पीड़िता ब्रह्मा बाई के रिश्तेदार ही उसकी जमीन पर जबरन मकान बना रहे थे। कई बार मना करने के बाद भी जब निर्माण नहीं रुका, तो बात कहासुनी से बढ़कर खूनी संघर्ष तक पहुंच गई। जब ब्रह्मा बाई बीच-बचाव करने पहुंची, तो हमलावरों ने यह भी नहीं देखा कि वह गर्भवती है। उन पर बेरहमी से लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया।
8 साल की खुशियां मातम में बदली
घायल महिला को आनन-फानन में हिण्डोली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर महिला की जान तो बचा ली, लेकिन करीब 5 महीने के उन दो जुड़वा बच्चों को नहीं बचाया जा सका, जिनका यह दुनिया बेसब्री से इंतजार कर रही थी। पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है, वह बस यही कह रही है कि 8 साल बाद भगवान ने खुशियां दी थीं, जो अपनों ने ही छीन लीं।
पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल
गौरतलब है कि इस पूरे मामले में दबलाना थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने विवाद की शिकायत पहले भी की थी, लेकिन पुलिस ने उसे हल्के में लिया। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद आज ये दो मासूम जिंदा होते। फिलहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- भोपाल में CM डॉ. मोहन ने देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’: बोले- ‘ऐसी धार्मिक फिल्में देती हैं जनसेवा की प्रेरणा’
- अल्टीमेटम के बाद नपे दारोगा जी, हवालात पहुंचे 3 आरोपी! सिर्फ एक ‘सोशल मीडिया पोस्ट’ और बहा दिया खून, पुलिस का बड़ा खुलासा
- Rajasthan Nikay Chunav 2026: दूसरे चरण में ‘मिशन 86%’, कल 87 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
- सर्पदंश मुआवजा घोटाला : आरोपी डॉक्टर प्रियंका सोनी को हाईकोर्ट से मिली स्थायी जमानत
- स्पा सेंटर में पुलिस की दबिश, आपत्तिजनक सामग्री बरामद, संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज


