Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर भव्य महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ सहित कई प्रमुख नेता इस आयोजन में शामिल होंगे।

RIC में योजनाओं का शुभारंभ
झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में दोपहर 2 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत होगी। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 32,755 बालिकाओं को 11 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा, 16,944 बालिकाओं को एसटी प्री-मैट्रिक के लिए 5.08 करोड़ रुपये और 152 बालिकाओं को सफाई कामगार प्री-मैट्रिक के लिए 20 लाख रुपये का हस्तांतरण होगा। लखपति दीदी ऋण योजना के तहत 1,800 लाभार्थियों को 12 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जाएगा।
इसके साथ ही, गर्भ की पाठशाला योजना, स्वस्थ नारी चेतना अभियान और गर्भावधि मधुमेह प्रबंधन कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसके पहले चरण में 10 जिलों के 4,125 चयनित संस्थानों पर सुविधाएं शुरू की जाएंगी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डिजिटल कॉफी बुक का विमोचन भी होगा।
एंटरटेनमेंट पैराडाइज में भव्य आयोजन
दोपहर 3:40 बजे जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुली जीप में जवाहर सर्किल से एंटरटेनमेंट पैराडाइज के सेंट्रल लॉन पहुंचेंगे, जहां अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह आयोजित होगा। रास्ते में महिलाएं तिरंगा लिए मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत करेंगी। इस आयोजन में BJP महिला मोर्चा, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
नड्डा का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल
- 12:15 बजे: जयपुर एयरपोर्ट पर आगमन
- 12:45 बजे: MNIT में विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण और छात्रों के साथ संवाद
- 2:00 बजे: RIC में सरकारी योजनाओं का शुभारंभ
- 3:10 बजे: जवाहर सर्किल से तिरंगा यात्रा शुरू
- 3:40 बजे: एंटरटेनमेंट पैराडाइज में अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह
- 6:20 बजे: मुख्यमंत्री आवास पर संवाद
- 10:30 बजे: दिल्ली के लिए प्रस्थान
महिलाओं और बालिकाओं के लिए सौगातें
कार्यक्रम में 150 कालिका यूनिट को हरी झंडी दिखाई जाएगी। बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत 30,000 छात्राओं को फीस पुनर्भरण राशि दी जाएगी। गार्गी पुरस्कार और कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के तहत 6,489 बालिकाओं को पुरस्कार और 2,000 छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी। इसके अलावा, चार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और दो जनजाति बालिका आश्रम छात्रावासों सहित अन्य सिविल कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर देशभर में आयोजन
BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि धर्मपरायण और कुशल प्रशासक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं भोपाल में रानी अहिल्याबाई होल्कर के महासम्मेलन में शामिल होंगे। जयपुर का यह आयोजन भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिसमें जेपी नड्डा तिरंगा यात्रा और सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
पढ़ें ये खबरें
- Bihar Morning News : भाजयुमो की बैठक, कांग्रेस पार्टी का संवाददाता सम्मेलन
- 11 July 2026 Panchang : आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि आज, जानिए शुभ और अशुभ काल
- बहामास में भीषण प्लेन क्रैश, विमान हादसे में 10 की हुई मौत
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 11 July: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- 11 July 2026 Horoscope : इस राशि के जातकों को वरिष्ठ अधिकारियों का मिलेगा सहयोग …
