Rajasthan News: सोमवार दोपहर डीग जिले की पला हवाई पट्टी पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आसमान में उड़ते सेना के एक हेलीकॉप्टर को आनन-फानन में नीचे उतारना पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक, इस हेलीकॉप्टर में ब्रिगेडियर मनजीत दास सवार थे, जिन्हें मथुरा से जयपुर ले जाया जा रहा था। गनीमत रही कि पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।

हवा में आई तकनीकी खराबी, पायलट ने दिखाई मुस्तैदी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर जब डीग के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक उसमें कोई तकनीकी खामी आ गई। पायलट को जैसे ही गड़बड़ी का अहसास हुआ, उसने रिस्क न लेते हुए पास ही मौजूद पला हवाई पट्टी पर लैंडिंग का फैसला किया। जैसे ही हेलीकॉप्टर नीचे उतरा, स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर लग गई। हर कोई यह जानने को बेताब था कि आखिर माजरा क्या है।
कुम्हेर प्रशासन में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे अफसर
आर्मी हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर आग की तरह फैली। सूचना मिलते ही कुम्हेर प्रशासन के आला अधिकारी, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर दौड़ पड़े। अधिकारियों ने तुरंत घेराबंदी कर ग्रामीणों की भीड़ को हेलीकॉप्टर से दूर किया। प्रशासन ने पुष्टि की है कि तकनीकी खराबी के कारण ही यह इमरजेंसी लैंडिंग की गई है।
दूसरा हेलीकॉप्टर पहुंचा, ब्रिगेडियर हुए रवाना
घटना के कुछ देर बाद ही सेना का एक और हेलीकॉप्टर पला हवाई पट्टी पर पहुंचा। इसमें सवार होकर ब्रिगेडियर और अन्य जवान जयपुर के लिए रवाना हो गए। वहीं, खराब हुए पहले हेलीकॉप्टर को ठीक करने के लिए इंजीनियरों की टीम काम कर रही है। जब तक तकनीकी खामी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक सुरक्षा घेरे में हेलीकॉप्टर वहीं रहेगा।
पढ़ें ये खबरें
- नवादा में पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही का वीडिया बनाने से मना करने पर विवाद, 11 लोग गिरफ्तार
- CM डॉ. मोहन ने उज्जैन के विभिन्न गरबा आयोजनों में की शिरकत: महाकाल लोक के समीप 10 महाविद्याओं के किए दर्शन
- अंकिता भंडारी के इंसाफ को लेकर पूरे दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों की खबर न देने पर एलआईयू इंस्पेक्टर निलंबित
- Tiger Shroff Firing Case: अंधेरी स्टेशन पर मिली हमले में इस्तेमाल बाइक, CCTV में कैद हुए दो शूटर्स
- अटल आवास में लगी भीषण आग : दहशत में महिलाओं-बच्चों ने लगाई छलांग, लोगों ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू
