Atar Singh Bhadana Murder Case:भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड की जांच में पुलिस ने साजिश से जुड़ा अहम खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ के अनुसार, मुख्य षड्यंत्रकर्ता मुकेश फौजी ने 11 अक्टूबर को वारदात से पहले गांव में अफवाह फैलाई थी कि फायरिंग में चार-पांच ग्रामीण घायल हो गए हैं।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में माइंस पर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले में घायल भड़ाना की जयपुर ले जाते समय मौत हो गई। मामले में अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अफवाह फैलाकर ग्रामीणों को भड़काने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर की शाम मुकेश फौजी ने अपने साथियों को भैरव मंदिर की पहाड़ी पर भेजा था। उसके साथियों ने उसे सूचना दी कि पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना माइंस पर मौजूद हैं। इसके बाद मुकेश ने गांव में यह अफवाह फैलाई कि पूर्व विधायक की ओर से की गई फायरिंग में चार-पांच ग्रामीण घायल हो गए हैं। इस सूचना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में माइंस पर पहुंच गए। जहां हुए हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मुकेश फौजी से पूछताछ जारी है। मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
पत्नी कमलेश भड़ाना के बयान दर्ज
जांच के सिलसिले में अनुसंधान अधिकारी गुरुवार, 22 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे और पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना के बयान दर्ज किए। बोलने में असमर्थता के कारण उनके बयान लिखित में लिए गए। परिजनों ने पुलिस को DVR भी सौंपी है। कमलेश भड़ाना ने अपने बयानों में FIR में दर्ज घटनाक्रम को दोहराया। परिजनों के मुताबिक, वारदात के दौरान हमलावर बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। पति को बचाने पहुंचीं कमलेश को भी धक्का दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।
दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, संख्या 19 पहुंची
पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान भरतपुर निवासी राधाकिशन उर्फ पप्पी (35) और हेमसिंह (34) के रूप में हुई है। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 19 हो गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
थानाधिकारी और कांस्टेबल सस्पेंड, दो RPS अधिकारी APO
हत्याकांड में लापरवाही के आरोपों के चलते वैर थाने के थानाधिकारी और एक टीआई कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, दो RPS अधिकारियों को APO किया गया था।
11 अक्टूबर को माइंस पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर की शाम भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव स्थित खनन लीज पर विवाद के दौरान पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला हुआ था। गंभीर रूप से घायल भड़ाना की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। उनकी पत्नी ने 64 नामजद लोगों समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- Atar Singh Bhadana Murder Case: पहले फैलाई ग्रामीणों के घायल होने की अफवाह, फिर माइंस पर हमला; अब तक 19 गिरफ्तार
- बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, 27 अक्टूबर से बारिश और तेज हवाओं के साथ बढ़ेगी ठंड
- ‘तेहरान में ट्रंप सलाखों के पीछे’, ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति का पोस्टर लगाकर उड़ाया मज़ाक
- CG Weather Today : अक्टूबर के अंतिम में ठंड की दस्तक के बीच होगी बारिश! साइक्लोन के प्रभाव से मौसम बदलने के आसार
- Rajasthan Panchayat Election: मोरीजा पंचायत में मतपेटी सील होते ही क्यों भड़के ग्रामीण? पथराव के बाद लाठीचार्ज

