Rajasthan News: राजस्थान के चार जिलों टोंक, राजसमंद, पाली और भीलवाड़ा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला कलेक्टरों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम ब्लास्ट की धमकी वाले ईमेल मिले। सबसे पहले टोंक में धमकी मिली, जहां भाजपा की तिरंगा यात्रा शुरू होने से कुछ समय पहले कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई।

टोंक में तुरंत खाली कराया गया कलेक्ट्रेट परिसर
सुबह ईमेल मिलने के बाद टोंक प्रशासन ने एहतियातन पूरा कलेक्ट्रेट परिसर खाली करवा दिया और इलाके में किसी के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। बम निरोधक दस्ता और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। ईमेल में कहा गया था कि दोपहर 3:30 बजे धमाका होगा, जिसके बाद स्थिति बेहद संवेदनशील मानी जा रही है।
अन्य जिलों में भी आई मेल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
ठीक ऐसा ही ईमेल राजसमंद, पाली और भीलवाड़ा के कलेक्टर कार्यालयों को भी मिला है। इन जिलों में भी कलेक्ट्रेट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सभी जिलों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर निगरानी रखे हुए हैं।
मेल भेजने वाले की तलाश, साइबर एक्सपर्ट्स सक्रिय
ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने के लिए साइबर एक्सपर्ट्स की टीमें जुट गई हैं। अब तक की जांच में आशंका है कि वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल कर ईमेल भेजा गया, जिससे आईपी एड्रेस ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। फिर भी पुलिस और एजेंसियां हर पहलू की जांच में लगी हैं।
‘राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला, दर्ज होगी FIR’
राजसमंद के कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने मीडिया को बताया कि दोपहर 3:35 बजे धमाके की धमकी वाला मेल आया था, जिसके बाद तुरंत भवन खाली कराया गया और तलाशी शुरू की गई। वहीं एसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। हम ईमेल की जांच कर रहे हैं और आईपी एड्रेस ट्रेस कर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
इससे पहले 15 मई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और IAS अधिकारी नीरज के. पवन को जान से मारने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। उसी मेल में जयपुर स्थित SMS स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। दिविज प्रभाकर नाम से भेजे गए उस मेल में धमकी दी गई थी कि कथित निजी शिकायतों को उठाने के लिए स्टेडियम में विस्फोट किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर कैसे हुआ हमला? सामने आया नया वीडियो; पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
- CM साय कल अर्बन चैलेंज फंड कार्यशाला का करेंगे शुभारंभ, हुडको और सेप्ट यूनिवर्सिटी के साथ होंगे दो एमओयू
- Haryana Top News : बिजली कर्मचारी 22 से 24 अक्टूबर तक करेंगे हड़ताल, 28 IPS और HPS अधिकारियों के तबादले, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में हरियाणा कनेक्शन की जांच समेत पढ़े दिनभर की बड़ी खबरें…
- सेक्टर-38 में मिलने बुलाया, फिर नशीला पदार्थ देने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार
- SCO बैठक में राजनाथ सिंह का पाकिस्तान-चीन को संदेश, बोले- आतंकवाद पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं
