Rajasthan News: जैसलमेर के मशहूर पर्यटन स्थल बड़ाबाग के पास बने नगरपरिषद के डंपिंग यार्ड से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। यहां दर्जनों मृत गायों के शवों को खुले में लावारिस छोड़ दिया गया। भीषण गर्मी में ये शव सड़ रहे हैं। चारों तरफ भयानक बदबू फैली है। इससे आस-पास के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सोशल मीडिया पर इस लापरवाही को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

इस पूरे मामले में नगरपरिषद के दावों की हवा निकल गई है। दरअसल, साल 2025-26 के लिए मृत पशुओं को उठाने और उनके सम्मानजनक निस्तारण का ठेका करीब 18 लाख रुपए में बाड़मेर के गोपाराम को दिया गया है। नियम के मुताबिक, मृत पशुओं को डंपिंग यार्ड में गहरा गड्ढा खोदकर दफनाना था। लेकिन ठेकेदार ने सारी गाइडलाइंस को ताक पर रख दिया। शवों को खुले में ही फेंक दिया गया।
मामला बढ़ा तो हरकत में आया प्रशासन
जैसे ही यह खबर फैली और लोग सड़कों पर उतरे, नगरपरिषद प्रशासन की नींद टूटी। परिषद आयुक्त लजपालसिंह सोढ़ा ने तुरंत ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके बाद आनन-फानन में मौके पर जेसीबी और गाड़ियां भेजी गईं। अब बिखरे हुए शवों को समेटकर गड्ढों में दबाने का काम शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ ही घंटों में सफाई पूरी कर ली जाएगी। लेकिन जनता पूछ रही है कि अगर यह बात सामने नहीं आती, तो क्या अफसर ऐसे ही सोते रहते?
बीमारी का डर नहीं, सब मौतें स्वाभाविक: डॉक्टर
इतनी बड़ी संख्या में गायों के शव मिलने से इलाके में बीमारी फैलने का डर सता रहा है। हालांकि, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वरगंटीवार ने साफ किया कि घबराने की बात नहीं है। उन्होंने बताया, ये सभी पशु एक दिन के नहीं हैं। पिछले एक महीने से रोज 4-5 मृत पशु यहां लाए जा रहे हैं। इसमें जैसलमेर शहर के साथ-साथ आस-पास के गांवों के भी गोवंश शामिल हैं। किसी बीमारी से मौत नहीं हुई है, ये सभी स्वाभाविक मौतें हैं।
कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने जताई नाराजगी
इस पूरे मामले पर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने माना कि नगरपरिषद के अधिकारियों की तरफ से मॉनिटरिंग में बड़ी चूक हुई है। कलेक्टर ने कहा, यह बेहद संवेदनशील मामला है। ठेकेदार की बड़ी गलती सामने आई है और उसे नोटिस दिया गया है। अफसरों को साफ निर्देश दे दिए गए हैं कि दोबारा ऐसी संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- फोन की बैटरी बनाने वाली कंपनी आज कैसे बनी ग्लोबल ऑटो सेक्टर की दिग्गज, जानिए BYD का पूरा सफर
- उकलाना में जनरल स्टोर पर CM फ्लाइंग की रेड, 159 किलो पटाखे बरामद; बिना लाइसेंस आबादी के बीच था स्टॉक
- नियुक्ति के बदले मांगी घूस: 30 हजार की रिश्वत लेते परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजर गिरफ्तार, लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा
- दिल्ली की रैली पर रोना और जयपुर में खुद बवाल…डोटासरा के इस एक बयान से जस्थान की सियासत में हड़कंप?
- VinFast VF MPV 7 की कीमत में भारी कटौती, 4.10 लाख रुपये सस्ती हुई यह 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार
