Rajasthan News: राजस्थान में भारी बारिश के चलते भरतपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर और धौलपुर जिलों में गुरुवार को सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिला कलेक्टर लोकबंधु ने यह आदेश जारी किया, हालांकि, शिक्षण स्टाफ को अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा।

इन जिलों में अलर्ट जारी
गुरुवार को प्रदेश के अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, और सवाई माधोपुर जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अजमेर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, चूरू, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भरतपुर और सवाई माधोपुर में लगातार बारिश को देखते हुए 14 सितंबर तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। धौलपुर के राजाखेड़ा में 140 मिलीमीटर और झालावाड़ के अकलेरा में 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।
भारी बारिश का दौर जारी रहेगा
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में 12 से 14 सितंबर के बीच मानसून सक्रिय रहेगा, और भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।
भरतपुर, जयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में शुक्रवार तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि 14-15 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है।
नौनेरा बांध की टेस्टिंग सफल
बूढ़ादीत के पास पार्वती-कालीसिंध-चंबल ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (पीकेसी-ईआरसीपी) के तहत कालीसिंध नदी पर बने नौनेरा बांध के सभी 27 गेटों की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। अब बांध के 17 गेट एक साथ खोलकर 3.50 लाख क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
बारां जिले में भारी बारिश से जनजीवन और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। जिले के छीपाबड़ौद में सबसे अधिक 86 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि अटरू में 50 मिलीमीटर बारिश हुई है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम की मार से प्रभावित जनजीवन के साथ ही कृषि और जल प्रबंधन से जुड़े तमाम कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें भी
- यूपी में स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव आज, 14.28 लाख मतदाता वोट डालेंगे
- बिहार MLC चुनाव: वोटिंग से पहले बख्तियारपुर फोरलेन पर 9 लाख कैश बरामद, नवादा का व्यक्ति गिरफ्तार
- CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के बाद मौसम में होगा बदलाव! पढ़ें लेटेस्ट अपडेट
- मध्य प्रदेश में मौसम का यू-टर्न! 5 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट; पारे में गिरावट से रातों में महसूस होने लगी सिहरन
- आगरा में योगी यूथ ब्रिगेड का विवादित पोस्टर, विपक्षी नेताओं को ‘गद्दार’ बताया

