Rajasthan News: मंगलवार सुबह सीकर जिले के श्रीमाधोपुर इलाके से एक बेहद खौफनाक खबर आई। मूंड़रु गांव के एक गैस गोदाम के भीतर युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मूंड़रु के गैस गोदाम में मचा हड़कंप
यह दर्दनाक वाकया कूलवाल भारत गैस एजेंसी के गोदाम में हुआ। मरने वाले युवक की पहचान बाबूलाल यादव के तौर पर हुई है। बाबूलाल इसी गोदाम में डिलीवरी मैन का काम करता था। सुबह अचानक गोदाम से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब तक आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचते, बाबूलाल पूरी तरह आग की लपटों से घिर चुका था। लोगों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की। लेकिन आग इतनी तेज थी कि बाबूलाल को बचाया नहीं जा सका। उसने वहीं दम तोड़ दिया।
बाल-बाल टला बड़ा ब्लास्ट
घटना की सूचना मिलते ही श्रीमाधोपुर पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर दौड़ीं। राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह कांड हुआ, गोदाम में ज्यादातर खाली सिलेंडर रखे थे। अगर आग भरे हुए सिलेंडरों तक पहुंच जाती, तो पूरा मूंड़रु गांव दहल जाता। एक के बाद एक कई बड़े धमाके होते। दमकल कर्मियों ने वक्त रहते आग पर काबू पा लिया। इससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
आखिर बाबूलाल ने क्यों उठाया यह कदम?
थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया गया है। बाबूलाल ने गैस गोदाम के अंदर ही ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका राज अभी नहीं खुला है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब गैस एजेंसी के मालिक और वहां काम करने वाले दूसरे कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। परिजनों से भी बातचीत की जा रही है ताकि इस खौफनाक कदम की असली वजह सामने आ सके। इलाके में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा है।
पढ़ें ये खबरें
- गुरुग्राम में फार्म हाउस पर 50-60 लोगों का धावा, कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़; 13 आरोपी गिरफ्तार
- बोचहां और मीनापुर से 1911 लीटर विदेशी शराब जप्त, एक ट्रक व दो पिकअप वाहन जब्त
- अतिक्रमण की भेंट चढ़ा श्मशान घाट का रास्ता, शव को कंधों पर उठाकर खेतों से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, देखें VIDEO…
- पंजाब कांग्रेस में फिर मचा घमासान: मलेरकोटला की सभा में भिड़े कांग्रेसी, वडिंग को खुद उतरना पड़ा मंच से
- Raipur Crime News : 3 दिन से गायब, तलाश में जुटा था परिवार… फिर संदिग्ध हालत में मिली लाश


