Rajasthan News: पांचवें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का आयोजन इस बार राजस्थान में होगा। ये प्रतियोगिताएं 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रदेश के सात शहरों जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में आयोजित की जाएंगी।

12 दिन तक चलने वाले इन खेलों में देशभर के 5000 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 23 पदक वाले खेलों के अलावा एक प्रदर्शन खेल खो-खो भी शामिल होगा। इससे पहले आयोजित पूर्वोत्तर संस्करण में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी विजेता रही थी, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी दूसरे और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर तीसरे स्थान पर रही थी।
विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को बनाते हैं चैंपियन
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स देश के खेल विकास की अहम कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को निखारने का सबसे बड़ा मंच होते हैं।
मंडाविया ने कहा, राजस्थान में होने वाला यह संस्करण भारत के बढ़ते खेल वातावरण को दर्शाएगा और उन युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। ये खेल शिक्षा के साथ खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेंगे।
इन खेलों में होंगे मुकाबले
इस बार के खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंभ, रग्बी, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, योगासन, साइकिलिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे खेल शामिल होंगे। खो-खो को प्रदर्शन खेल के रूप में रखा गया है।
इस बार पहली बार बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग, कयाकिंग और साइकिलिंग जैसे खेलों को भी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में शामिल किया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या, आरोपी को उम्रकैद की सजा
- दिल्ली पुलिस ने अवैध पटाखे बेचने के आरोप में एक को किया गिरफ्तार, आरोपी के बेड से निकला 312 किलो पटाखों का जखीरा
- दिल्ली के प्रदूषण के चलते भारत-श्रीलंका वनडे पर संकट, DDCA ने BCCI से की मैच वेन्यू बदलने की अपील
- सोलर लगवाने वालों के लिए शानदार दिवाली ऑफर: iPhone से लेकर इलेक्ट्रिक स्कूटी तक फ्री गिफ्ट, महिंद्रा BE 6 जीतने का भी मौका
- आईएनएस ब्रह्मपुत्र के मरम्मत के दौरान गिरने के मामले में नौसेना के दो अधिकारियों के खिलाफ शुरू हुई कोर्ट मार्शल की कार्यवाही
