Rajasthan News: कोटा (राजस्थान) के एक दंपति पर इंडोनेशिया के बाली में हमला हुआ और लुटेरों ने उनका पासपोर्ट, मोबाइल और नकदी लूट ली। इस वारदात के बाद दोनों के भारत लौटने पर संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि उनकी वापसी की टिकट 3 अक्टूबर की है। घटना को लेकर अब मामला राष्ट्रपति सचिवालय, मानवाधिकार आयोग और विदेश मंत्रालय तक पहुंच गया है।

जानकारी के मुताबिक, कोटा निवासी सौरभ रानानी और उनकी पत्नी शिवानी बाली घूमने गए थे। शुक्रवार रात को दोनों पर अचानक हमला किया गया। हमलावर उनके बैग, पासपोर्ट, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। चूंकि दोनों की वापसी की टिकट 3 अक्टूबर की है, ऐसे में अब इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी करने की मांग की गई है, ताकि वे भारत लौट सकें।
घटना की सूचना के बाद से कोटा और बूंदी में रह रहे परिजन बेहद चिंतित हैं। रिश्तेदार नरेश गुप्ता ने विदेश में संकटग्रस्त भारतीयों की मदद के लिए काम करने वाले कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा को इसकी जानकारी दी। सौरभ ने बाली के पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज करवाई, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
सौरभ रानानी ने बताया कि कुछ लोग लिफ्ट देने के बहाने उनके पास आए थे। जब उन्होंने लिफ्ट लेने से इनकार किया, तो हमलावर अचानक उन पर टूट पड़े। सौरभ को धक्का देकर गिरा दिया गया और बैग लूट लिया गया। बैग में नकदी, मोबाइल और दोनों के पासपोर्ट थे। घटना के बाद दंपति काफी घबरा गए हैं और उनकी वापसी अधर में लटकी है।
इस मामले को लेकर चर्मेश शर्मा ने राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भी पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पढ़ें ये खबरें
- हवस, हैवानियत और हवालातः 11 साल की किशोरी के साथ रेप, दिल दहला देगी दरिंदगी की वारदात
- कचरे के नाम पर ‘कमाई का खेल’! पंचायतों में 2,000 की डस्टबिन 30,000 और 1.5 लाख का ई-रिक्शा 4.5 लाख में खरीदा; कचरा गाड़ी के नाम पर मिली पंचर साइकिल
- अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के फैसले का CM साय ने किया स्वागत, बोले- युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के मिलेंगे नए अवसर
- स्वामित्व योजना में प्रदेश में 15 लाख 98 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी, ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का वैधानिक अधिकार
- खुद्दार अधिकारी मजबूरी में पलायन कर जाते हैं जब… IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे पर चढ़ा सियासी पारा, जानें क्या बोली BJP
