Rajasthan News: राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के निवासियों का वर्षों पुराना सपना शनिवार को सच हो गया। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना का औपचारिक शिलान्यास संपन्न हुआ, जिसके साथ ही इस क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी के एक नए युग की शुरुआत हो गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और भव्य जनसभा को संबोधित किया।

कोटा में आयोजित शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू की गरिमामयी उपस्थिति रही। जैसे ही प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े, सभा स्थल पर मौजूद जनसमूह ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में नवंबर 2020 में कोटा की जनता से किए गए वादे को याद किया। उन्होंने कहा कि कोटा में एयरपोर्ट का निर्माण हाड़ौती की प्रगति के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव है। अब हाड़ौती के लोगों का समय बचेगा और उन्हें व्यापार या पढ़ाई के लिए बार-बार जयपुर या जोधपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने कोटा के औद्योगिक महत्व को लेकर कहा कि यह शहर ऊर्जा उत्पादन का पावरहाउस है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से यहां नए उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। पीएम ने कोटा डोरिया, बूंदी का चावल और कोटा के धनिया की वैश्विक ब्रांडिंग का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे खड़े गणेश जी मंदिर, मथुराधीश मंदिर, गोदावरी धाम के साथ-साथ मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व और रामगढ़ अभयारण्य तक पर्यटकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी।
प्रधानमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की सक्रियता और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कोटा के विकास की गति और तेज हुई है। अब निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे जल्द ही हाड़ौती के आसमान में पहली उड़ान का सपना पूरा हो सकेगा।
पढ़ें ये खबरें
- कोई कमी ना रह जाए..! अमित शाह के कार्यक्रम से पहले धामी ने खुद संभाला तैयारियों का मोर्चा, देखी व्यवस्थाएं
- पंजाब सरकार को सुप्रीम कोर्ट से राहत की मांग, कर्मचारियों के DA बकाया मामले में बढ़ी कानूनी मुश्किलें
- चीन की बढ़ेगी टेंशन! फिलीपींस खरीदेगा 5 अतिरिक्त ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम, 60 मिसाइलों की भी तैयारी; भारत के साथ डील अंतिम दौर में
- 50 लाख के डीजल घोटाले की जांच के बीच अस्पताल पहुंचा फर्जी अधिकारी, CMO को धमकाया
- किढौली पहलादपुर स्कूल में सजी लोक कलाओं की रंगीन दुनिया, छात्राओं ने कलाकृतियों से दिखाई भारतीय संस्कृति की झलक
