Rajasthan News: राजस्थान के डीग जिले से गौकशी और अवैध गोमांस कारोबार को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार देर रात थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनैनी-धौंकला के घने जंगलों में चल रहे एक बड़े रैकेट को नेस्तनाबूद कर दिया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गोमांस और कटाई के उपकरण बरामद किए हैं।
दरअसल, शुक्रवार रात करीब 12:52 बजे पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि जंगल के भीतर अवैध गौकशी की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम ने बिना देरी किए जंगल की घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस की आहट सुनते ही मौके पर मौजूद आरोपियों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 4 आरोपियों को दबोच लिया।

इलेक्ट्रॉनिक कांटा और कुल्हाड़ियां बरामद
गौरतलब है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस को मौके से ऐसी चीजें मिली हैं जो चौंकाने वाली हैं। पुलिस ने 28 प्लास्टिक की थैलियों में भरा लगभग 140 किलो गोमांस, गाय का सिर, खाल और खुर बरामद किया है। इसी के साथ ही मौके से कुल्हाड़ी, छुरे और रस्सियां जब्त की गई हैं। गिरोह मांस तौलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे साफ है कि यह मांस सप्लाई का बड़ा नेटवर्क था।
4 गिरफ्तार, 18 आरोपियों की तलाश जारी
बता दें कि पुलिस ने मौके से नस्सर, आसम, वाजिब और सपात को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी शरण कांबले ने बताया कि कुल 22 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर किया गया है। वहीं, फरार 18 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
डीग और आसपास के इलाकों में गौकशी की इस बड़ी घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं इस मामले में 18 आरोपियों का फरार होना पुलिस के लिए अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- गुजरात के दाहोद में प्रेमी जोड़े ने जंगल में की खुदकुशी, Instagram Live पर 50 लोगों ने देखी मौत
- कांग्रेस में सब ठीक नहीं? विश्वेंद्र सिंह बोले- राजस्थान में पार्टी राम भरोसे
- हॉस्पिटल में महिला की मौत पर हंगामा, डॉ. पर लापरवाही और आयुष्मान कार्ड के बाद भी पैसे वसूलने का गंभीर आरोप
- रिश्वत मामले में घिरे डिप्टी CM के OSD पर बड़ी कार्रवाईः दीपम रायचुरिया ओएसडी पद से हटाए गए, आदेश जारी
- दिल्ली प्रदर्शन से पहले CJP नेता को रात में घर से ले गई पुलिस, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
