Rajasthan News: गंगापुरसिटी के फव्वारा चौक पर रविवार को सरेआम भारी बवाल हो गया। यहां यातायात नियम तोड़ने पर एक गाड़ी को रोकना पुलिसवालों के लिए आफत बन गया। खुद को सरपंच का बेटा बताने वाले एक रसूखदार युवक ने ऑन ड्यूटी एएसआई और कांस्टेबलों को सरेआम पीट दिया। धक्का-मुक्की इतनी बढ़ी कि पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फट गई। युवक ने गुस्से में आकर सरकारी चालान बुक फाड़ दी और चौराहे पर बने पुलिस केबिन में घुसकर कुर्सी-टेबल भी तोड़ डाले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर दौड़ी। पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया है और उसकी लग्जरी बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर उदेई मोड़ थाने भिजवा दिया है।
अंदर लगा रखी थी काली फिल्म
दरअसल, रविवार को एएसआई कुशल कुमार अपने साथी कांस्टेबल नाहरसिंह के साथ फव्वारा चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच वहां एक सफेद रंग की बोलेरो कार आई। इस कार के आगे बकायदा लाल रंग से राजस्थान हाईकोर्ट लिखा हुआ था और शीशे पर ‘राजस्थान विश्वविद्यालय’ का स्टिकर लगा था। इसके बावजूद कार के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी और ड्राइवर ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी।
कांस्टेबल नाहरसिंह ने जैसे ही कार को रुकने का इशारा किया, ड्राइवर ने गाड़ी को बीच सड़क पर ही अड़ा दिया। जब पुलिस ने चालान काटने की बात कही, तो युवक का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह गाड़ी से उतरकर सीधे पुलिसवालों पर धौंस जमाने लगा।
तेरी पूरी थानेदारी निकलवा दूंगा
युवक ने एएसआई को सीधे धमकी देते हुए कहा, मुझे जानता नहीं है, मैं सरपंच का बेटा हूं। मेरी एमएलए-एमपी से सीधी जान-पहचान है। मैं यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ अध्यक्ष रहा हूं। तेरी पूरी थानेदारी निकलवा दूंगा। इतना बोलते ही उसने एएसआई कुशल कुमार और कांस्टेबल से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए दूसरे कांस्टेबल प्रेमराज को भी युवक ने नहीं छोड़ा।
मारपीट से बचने के लिए जब पुलिसकर्मी अपने केबिन के अंदर भागे, तो युवक वहां भी घुस गया। उसने केबिन में जमकर तोड़फोड़ की। इस पूरी गुंडागर्दी में पुलिसकर्मियों को अंदरूनी चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी हिरासत में
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उदेई मोड़ थाने के सीआई बृजेश कुमार ने बताया कि एएसआई की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के खिलाफ राजकार्य में बाधा और पुलिसकर्मियों से मारपीट का गंभीर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी रसूखदार का बेटा क्यों न हो।
पढ़ें ये खबरें
- ‘पत्नी का ऑपेशन कराने जाना था, इसलिए पी लिया…’, शराब के नशे में पंचायत का मुखिया गिरफ्तार
- हनुमना अस्पताल में भगवान भरोसे सुरक्षा! प्रसव कक्ष के दरवाजे तक पहुंचे कुत्ते, BMO नदारद
- 32 करोड़ के धान घोटाले के बाद करनाल में सख्ती, सीमाओं पर नाके और मंडी सचिवों की निगरानी
- Stock Market Today : आज बाजार फ्लैट, बैंकिंग-एनर्जी में खरीदारी, ऑटो-फार्मा पर दबाव, जानिए मार्केट की चाल ?
- Gold Silver Price Today : सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ा अपडेट, जानें दिल्ली-मुंबई समेत शहरों में आज का भाव


