Rajasthan News: राजस्थान में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्यवासियों को कई नई सौगातें देने जा रहे हैं। इस खास मौके पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और विकास कार्यों को लेकर एक समग्र अभियान की शुरुआत की जा रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा आज से ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत जल संसाधन विभाग की ओर से 345 करोड़ रुपए से अधिक लागत की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। ये परियोजनाएं जल संरक्षण को मजबूती देने के साथ-साथ सिंचाई क्षमता के विस्तार और बाढ़ नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:45 बजे जयपुर के जमवारामगढ़ में वृक्षारोपण से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे से दोपहर 1:10 बजे तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वहां पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:45 बजे वे बूंदी जिले के केशोरायपाटन में ‘जल स्वावलम्बन अभियान 2.1’ के तहत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री भरतपुर जिले में भी एक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री रामगढ़ बांध क्षेत्र के मोरी गांव में श्रमदान करते हुए भी नजर आएंगे। इस दौरान जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, जलाशयों का पुनरुद्धार, बांध और एनीकटों की मरम्मत, नहरों के जीर्णोद्धार तथा वर्षा जल संचयन जैसे कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। इन प्रयासों से प्रदेश की पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
अपने वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सदियों से अपनी जल संरक्षण परंपराओं के लिए प्रसिद्ध रहा है और अब समय आ गया है कि इस परंपरा को जन आंदोलन का रूप दिया जाए।
पढ़ें ये खबरें
- दिल्ली के निजी स्कूलों के लिए सरकार का बड़ा आदेश, 15 जुलाई तक बनानी होगी फीस रेगुलेशन कमेटी
- युक्तियुक्तकरण नीति पर हाईकोर्ट की मुहर, सरकार के निर्णय को ठहराया सही, शिक्षकों की सभी याचिकाएं खारिज
- PoK में पाकिस्तान के खिलाफ खुली बगावतः लोग बोले- हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं, ₹1 करोड़ का इनामी शौकत नवाज गिरफ्तार
- प्रेमी जोड़े का सिर मुंडवा चप्पल की माला पहनाकर घुमाया, पुलिस ने 7 दरिंदों को भेजा जेल
- पानीपत में बेजुबान पर हैवानियत, कुत्ते को पीटकर किया अधमरा, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
