Rajasthan News: उदयपुर। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चलती बाइक पर अचानक बंदर के कूदने से हुए हादसे में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टरों ने समय रहते ऑपरेशन कर गर्भस्थ बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। बच्ची फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

यह दर्दनाक हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुआ। जानकारी के अनुसार, खेमा गमेती (20) निवासी सरे गांव, अपने पति अशोक गमेती के साथ बाइक से एमबी हॉस्पिटल जा रही थी। खेमा आठ महीने की गर्भवती थी और डॉक्टरों ने नियमित जांच के लिए उसे अस्पताल बुलाया था। जब दंपती चीरवा टनल पार कर रहे थे, तभी पहाड़ी से अचानक एक बंदर उनकी बाइक पर आ कूदा। इससे बाइक असंतुलित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में अशोक को मामूली चोटें आईं, जबकि खेमा के सिर में गंभीर चोट लगी। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने खेमा की हालत को देखते हुए तुरंत सर्जरी कर गर्भस्थ बच्ची को जन्म दिलाया और उसे नर्सरी की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया। लेकिन, तमाम प्रयासों के बावजूद रात 2 बजे खेमा की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। शनिवार को उपखंड अधिकारी लतिका पालीवाल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया। हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में हैं।
पढ़ें ये खबरें
- डिप्टी CM जगदीश देवड़ा के OSD रहे अधिकारी पर गिरी गाज! 1 करोड़ रुपये रिश्वत के आरोपों में दीपम रायचुरा निलंबित
- UP Board Exam Date: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का टाइमटेबल जारी! 5 फरवरी से इम्तिहान, चेक करें पूरा शेड्यूल
- नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत
- महाकाल से निकली मां उमा की भव्य सवारी; 5 दिवसीय उमा सांझी महोत्सव का हुआ पारंपरिक समापन
- हाईकोर्ट ने आयुष बोर्ड चुनाव के निलंबन को किया रद्द, मतगणना तुरंत शुरू करने का आदेश
