Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति के केंद्र जयपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने की खुशी में सोमवार को एक बड़ा जलसा हुआ। इस खास मौके पर विधानसभा को उसका नया लोगो मिल गया है। विधायक हॉल में हुए इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जैसे ही नए लोगो के ऊपर से परदा हटाया, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। इस बड़े बदलाव के गवाह विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से लेकर विपक्ष के नेता टीकाराम जूली भी बने।

नए लोगो में क्या है खास?
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंच से नए लोगो के बारे में सबको खुलकर बताया। उन्होंने कहा कि इसमें राजस्थान की असली पहचान छिपी है। नए लोगो में भारत की शान अशोक स्तंभ को सबसे ऊपर और बीच में जगह मिली है। यह सबको साथ लेकर चलने का संदेश देता है।
इसके साथ ही राजस्थान की मिट्टी से जुड़ी चीजें भी इसमें जोड़ी गई हैं। राज्य का पेड़ खेजड़ी, रेगिस्तान का जहाज ऊंट और प्यारा पक्षी गोडावण भी अब इस सरकारी पहचान का हिस्सा बन गए हैं। लोगो पर संस्कृत में राष्ट्रीय धर्म निष्ठा विधायिका लिखा हुआ है। देवनानी ने साफ किया कि यहां धर्म का मतलब कोई जाति या संप्रदाय नहीं, बल्कि अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी से निभाना है।
बदल गए विधानसभा के सभी 13 दरवाजों के नाम
जयपुर के इस आलीशान विधानसभा भवन में अब तक दरवाजों को पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण के नाम से बुलाया जाता था। अब ऐसा नहीं होगा। इन सभी 13 दरवाजों को राजस्थान की संस्कृति से जोड़ते हुए नया नाम दे दिया गया है।
हाड़ौती, मारवाड़, मेवाड़, बृज, शेखावाटी और वागड़ जैसे इलाकों के नाम पर अब दरवाजे पहचाने जाएंगे। आम जनता जिस दरवाजे से अंदर जाएगी, उसका नाम अब शक्ति द्वार रखा गया है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और बड़े नेताओं के आने वाले रास्ते को कर्तव्य द्वार कहा जाएगा। विधायकों के लिए सुशासन द्वार और अफसरों के लिए संकल्प द्वार तय हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष ने विपक्ष को लेकर कही बड़ी बात
इस बड़े मौके पर विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन 75 सालों में इस सदन के भीतर जनता के हक के लिए कई कानून बने और ढेरों सवाल पूछे गए। जूली ने कहा कि राजस्थान में भले ही अलग-अलग बोलियां और पहनावा हो, लेकिन हम सब एक हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए सरकार को याद दिलाया कि लोकतंत्र में एक मजबूत सरकार चलाने के लिए एक मजबूत विपक्ष का होना भी उतना ही जरूरी है।
पढ़ें ये खबरें
- हरियाणा के किसानों के लिए बड़ी खबर, सिर्फ 63 पैसे में मिलेगा 50 हजार का बीमा! जानें किसे मिलेगा लाभ
- यूपी में 7 दिन बारिश के आसार नहीं, दिन में बढ़ेगी गर्मी; रात में ठंडक, बाढ़ की मुसीबत बरकरार
- दशहरे के जश्न में खलल डालेगी बारिश! MP के 14 जिलों में आंधी का अलर्ट, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
- पहले फांसी लगाने की कोशिश, फिर जान देने आहर पहुंची महिला, बचाने के क्रम में मामा-भांजी की मौत
- Haryana Weather Update: अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम? का मिजाज
