Rajasthan News: श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और RUIDP के एईएन (AEN) जगनलाल बैरवा के बीच हुआ थप्पड़ कांड अब राजधानी जयपुर तक गूंज उठा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने आनन-फानन में हाई लेवल जांच कमेटी गठित की।

शुक्रवार देर रात यूडीएच शासन सचिव (IAS) रवि जैन के नेतृत्व में कमेटी श्रीगंगानगर सर्किट हाउस पहुंची और शनिवार सुबह से ही पूछताछ का दौर शुरू हो गया। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और शहर के सियासी गलियारों में जबरदस्त हड़कंप मचा हुआ है।
आमने-सामने की पूछताछ: थप्पड़ किसने मारा?
सर्किट हाउस में आज सुबह उस वक्त तनाव बढ़ गया जब जांच कमेटी ने विधायक जयदीप बिहाणी और एईएन जगनलाल बैरवा को आमने-सामने बिठाकर बात की। विधायक बिहाणी ने दो टूक कहा, मैंने भ्रष्टाचार की पोल खोली तो अधिकारियों के पेट में दर्द होने लगा। मैंने कोई थप्पड़ नहीं मारा, बल्कि अधिकारियों ने ही मुझ पर हमला किया।
दूसरी ओर, एईएन जगनलाल बैरवा ने कमेटी के सामने अपनी पीड़ा बयां करते हुए सनसनीखेज आरोप लगाया। बैरवा ने कहा, विधायक ने मुझे गालियां दीं, थप्पड़ मारे और उनके समर्थकों ने मुझे जमीन पर पटककर पाइप से पीटा। बाद में नई शर्ट पहनाकर पुलिस के हवाले कर दिया ताकि मारपीट के निशान छिप सकें।
विधायक का बड़ा ऐलान: खोलूंगा भ्रष्टाचार की पोल
जांच कमेटी से मिलने के बाद विधायक जयदीप बिहाणी ने मीडिया से बात करते हुए साफ कर दिया कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि RUIDP और एलएंडटी कंपनी ने शहर के विकास के नाम पर जनता के खून-पसीने की कमाई को लूटा है। बिहाणी ने कहा, मैं पूरे काम की जांच करवाऊंगा। चाहे मुझे इसके लिए हाथ जोड़कर 1000 करोड़ रुपए ही क्यों न लाने पड़ें, मैं पुराने पड़े भ्रष्टाचार के गड्ढे खुदवाकर सच सामने लाऊंगा।
सर्किट हाउस में नारेबाजी और वाल्मीकि समाज का आक्रोश
जब सर्किट हाउस के अंदर पूछताछ चल रही थी, तभी बाहर माहौल गरमा गया। विधायक के समर्थन में वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग जुट गए और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, व्यापार मंडल के लोगों ने भी शासन सचिव रवि जैन को घेर लिया और शहर में एलएंडटी द्वारा किए जा रहे घटिया निर्माण कार्यों की शिकायतों का पुलिंदा थमा दिया। लोगों का आरोप है कि शहर की सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है और अधिकारी कमीशनखोरी में मस्त हैं।
IAS रवि जैन बोले- दूध का दूध और पानी का पानी होगा
जांच कमेटी के अध्यक्ष रवि जैन ने कहा, हमने विधायक, एईएन, प्रोजेक्ट मैनेजर और एलएंडटी के अधिकारियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शहर की समस्याओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी अलग से रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हम जल्द ही अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप देंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पढ़ें ये खबरें
- चेहरे पर दिखने लगे हैं व्हाइटहेड्स? यहाँ जानें कैसे पाएं छुटकारा और पायें राहत
- छत्तीसगढ़ से जबलपुर पहुंचा 40 हाथियों का झुंडः वन विभाग अलर्ट, 24 घंटे रखी जा रही है पैनी नजर
- संगरूर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचला, 8 की मौत और 12 घायल
- हैरान करने वाला मामला: अस्पताल से लापता युवक 10 दिन बाद लौटा घर, बंधक बनाकर मारपीट करने का लगाया आरोप
- 20 हजार से कम में Samsung Galaxy F70 5G लॉन्च! 50MP OIS कैमरा और Super AMOLED डिस्प्ले से लैस, जानें कीमत और फीचर्स
