Rajasthan News: बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में राह चलती महिला से सरेराह सोने का टिक्का छीनने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने सिर्फ अपनी दो पत्नियों के महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया 80 हजार का टिक्का और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।

रास्ता पूछने के बहाने की लूट
दरअसल, यह पूरा मामला तब सामने आया जब पीड़िता शीला निवासी मेंदिया डिंडोर ने पुलिस को शिकायत दी। 6 फरवरी की शाम को शीला अपने पीहर केसरपुरा से ससुराल जा रही थी, तभी खोड़ी पिपली पंचायत के पास एक बाइक सवार युवक उसके पास आया। युवक ने बड़े ही शातिर तरीके से पहले रास्ता पूछने का नाटक किया और फिर अचानक मौका पाकर महिला के माथे से सोने का टिक्का झपट लिया। पलक झपकते ही लुटेरा वहां से फरार हो गया।
होली पर ससुराल में छिपा था आरोपी
घटना के बाद एसपी सुधीर जोशी के निर्देश पर आंबापुरा पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों को एक्टिव किया। तभी खबर मिली कि मुख्य आरोपी संतोष (19) पुत्र प्रभु डामोर होली के मौके पर अपने ससुराल गडापाडा आया हुआ है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागा भी, लेकिन जवानों ने उसे पीछा करके पकड़ ही लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। बता दें कि संतोष की दो पत्नियां हैं और उसके पास कमाने का कोई ठोस जरिया नहीं था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नियों की डिमांड और उनके महंगे शौक उसे हमेशा परेशान करते थे। घर की जरूरतों को पूरा करने के चक्कर में उसने लूट का रास्ता चुन लिया। फिलहाल, पुलिस अब उससे जिले में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि उसने और कहां हाथ साफ किया है।
पढ़ें ये खबरें
- चीन की बढ़ेगी टेंशन! फिलीपींस खरीदेगा 5 अतिरिक्त ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम, 60 मिसाइलों की भी तैयारी; भारत के साथ डील अंतिम दौर में
- 50 लाख के डीजल घोटाले की जांच के बीच अस्पताल पहुंचा फर्जी अधिकारी, CMO को धमकाया
- किढौली पहलादपुर स्कूल में सजी लोक कलाओं की रंगीन दुनिया, छात्राओं ने कलाकृतियों से दिखाई भारतीय संस्कृति की झलक
- फोन की बैटरी बनाने वाली कंपनी आज कैसे बनी ग्लोबल ऑटो सेक्टर की दिग्गज, जानिए BYD का पूरा सफर
- उकलाना में जनरल स्टोर पर CM फ्लाइंग की रेड, 159 किलो पटाखे बरामद; बिना लाइसेंस आबादी के बीच था स्टॉक
