Rajasthan News: राजस्थान के जोधपुर में कोरोना संक्रमण एक बार फिर डराने लगा है। रविवार को जोधपुर AIIMS में 3 और मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले दो दिनों में पांच संक्रमित मिल चुके हैं। सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और अस्पताल प्रशासन ने जरूरी इंतजाम कर दिए हैं।

जीनोम सीक्वेंसिंग से वेरिएंट की पहचान होगी
AIIMS प्रशासन के अनुसार, मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे और जीनोम सीक्वेंसिंग के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि वे किस वेरिएंट से संक्रमित हैं। एहतियात के तौर पर अस्पताल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
शनिवार को भी मिले थे चार संक्रमित मरीज
शनिवार को भी जोधपुर AIIMS में चार मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनमें भोपालगढ़ का 38 वर्षीय पुरुष, फलोदी का 11 साल का बच्चा, अजमेर की 12 साल की लड़की और कुचामन डीडवाना का 5 महीने का शिशु शामिल थे। सभी में कोरोना के लक्षण दिखाई देने के बाद परीक्षण किया गया था।
जयपुर और उदयपुर में भी कोरोना की दस्तक
राज्य के अन्य हिस्सों में भी संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। जयपुर और उदयपुर में भी एक-एक नया कोरोना मरीज सामने आया है। इन दोनों मरीजों में कोरोना का नया वेरिएंट पाया गया है, जिससे सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
IMA विशेषज्ञ बोले- घबराने की जरूरत नहीं
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA JDN) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. ध्रुव चौहान के अनुसार, नया वेरिएंट JN.1, ओमिक्रॉन BA.2.86 में हुए बदलाव का परिणाम है और फिलहाल भारत में प्रमुख वेरिएंट के तौर पर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह वेरिएंट जानलेवा नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।
एहतियात ही बचाव
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग हाथों की सफाई, मास्क का इस्तेमाल और सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी बरतें। किसी भी लक्षण के नजर आते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अनावश्यक डर और भ्रम से बचने की अपील की गई है।
अन्य राज्यों में स्थिति
राजस्थान के अलावा दिल्ली में भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहां शनिवार तक कोविड-19 के 23 नए मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों में लक्षण हल्के हैं और 22 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं। किसी को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।
पढ़ें ये खबरें
- मंदिर में फेरे के कुछ ही देर बाद एजेंट के साथ फरार हुई लुटेरी दुल्हन, दो गिरफ्तार
- सऊदी अरब के प्रिंस अब्दुल्ला बिन फहद की मौत; लग्जरी होटल में ड्रग्स और शराब पार्टी के बाद मिला शव, लंदन से सऊदी तक मचा कोहराम
- महाकाल की जमीन पर कब्जा का मामला हाईकोर्ट पहुंचाः सरकार समेत कई को नोटिस, मंदिर की पार्किंग भूमि के निजी हस्तांतरण का दावा, सिंहस्थ से पहले उठे बड़े सवाल
- ‘महिलाओं को बच्चा पैदा करना…’ विधान परिषद में MLC नवल किशोर यादव के बयान पर मचा बवाल
- फर्जी डिग्री पर नौकरी करने वाले पूर्व प्राचार्य पर केस दर्ज कराने DCP ऑफिस पहुंचे BEO, जांच शुरू

