Rajasthan News: जयपुर के महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में शुक्रवार को उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान में बढ़ते कैंसर के पीछे एक बड़ा खुलासा किया। मौका था भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के 23वें कैंसर सर्वाइवर्स डे का, जहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की मौजूदगी में राज्यपाल ने सीधे-सीधे पंजाब की फैक्ट्रियों को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के लोग जो पानी पी रहे हैं, उसमें पंजाब की फैक्ट्रियों का जहरीला केमिकल घुला हुआ है, जो कैंसर की सबसे बड़ी वजह बन रहा है।

जहर उगल रही हैं फैक्ट्रियां
राज्यपाल ने कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों कैंसर सर्वाइवर्स के बीच दर्द साझा करते हुए कहा कि जैसे टीबी मुक्त राजस्थान का नारा है, वैसे ही अब कैंसर मुक्त राजस्थान बनाना होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल इस मामले को लेकर इतने गंभीर हैं कि उन्होंने पंजाब के राज्यपाल को बाकायदा पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। राज्यपाल ने तंजिया लहजे में यह भी कहा कि लोग अक्सर तर्क देते हैं कि तंबाकू-सिगरेट से कुछ नहीं होता, लेकिन हकीकत यह है कि दूषित पानी और प्रदूषण चुपचाप शरीर को खोखला कर रहा है।
आयुष्मान योजना में मिलेंगी कैंसर की सस्ती दवाएं
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राजस्थान सरकार और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की पीठ थपथपाई। उन्होंने एक बड़ी खुशखबरी देते हुए बताया कि अब कैंसर की महंगी दवाओं को आयुष्मान आरोग्य योजना से जोड़ा जा रहा है। इसका मतलब है कि अब गरीब आदमी को इलाज के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि देशभर में 450 से ज्यादा डे-केयर सेंटर चालू हो चुके हैं और अब फोकस अर्ली डिटेक्शन पर है।
पिछली सरकार से दोगुना काम करके दिखाया
मंच से हुंकार भरते हुए प्रदेश के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि भजनलाल सरकार ने स्वास्थ्य के लिए 35 हजार करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट रखा है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने 5 साल में केवल 13 हजार नियुक्तियां की थीं, जबकि हमारी सरकार ने आते ही 60 हजार नियुक्तियों का लक्ष्य रखा और 25 हजार तो कर भी दी हैं। मंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के लिए पीएम मोदी ने राजस्थान से ही वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की है, जो प्रदेश की महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच बनेगा।
पढ़ें ये खबरें
- कांवड़ यात्रा के बीच यात्रियों को राहत, दिल्ली का किराया ₹65 कम; 3 घंटे की होगी बचत
- नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने घर में किया नजरबंद
- Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: उपसरपंच की हत्या के बाद लूटपाट.. देवर निकला भाभी का हत्यारा…. छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत… मोबाइल चलाने से मना करने पर छात्रा ने दी जान…
- 15 अगस्त पर Mahidndra दे सकती है बड़ा सरप्राइज : नए अवतार और एडवांस्ड फीचर्स के साथ दस्तक देगी Scorpio N Facelift
- इंदौर में अवैध कॉलोनियों पर चलेगा बुलडोजर, 21 नई कॉलोनियां होंगी ‘ब्लैकलिस्ट’! रजिस्ट्री से लेकर FIR की तैयारी

