Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियों को निगल लिया। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नीमराणा थाना क्षेत्र के पास तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मारुति कार खाटू श्यामजी मंदिर से दर्शन कर गुरुग्राम लौट रही थी। रास्ते में नीमराणा थाना क्षेत्र में खड़े एक ट्रेलर से कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर में पूरी तरह से घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय वीरेंद्र कुमार, 40 वर्षीय सतीश गॉड और 37 वर्षीय अंकुश कुमार के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल गुरमीत सिंह को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को मिली सूचना
नीमराणा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंसी हुई थी। चारों श्रद्धालु कार में सवार थे और खांडसा, गुरुग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। सभी खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।
क्रेन से कार को बाहर निकाला गया
टक्कर के बाद कार ट्रेलर में इस कदर फंस गई कि पुलिस को उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगानी पड़ी। जैसे-तैसे कार को बाहर खींचकर सवारों को निकाला गया। लेकिन तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी। इस हादसे के चलते हाईवे पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए धीरे-धीरे आवागमन बहाल किया।
शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और रात के समय ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है। साथ ही हाईवे पर खड़े ट्रेलर के पीछे कोई चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था, जो हादसे की एक बड़ी वजह हो सकता है। फिलहाल नीमराणा पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- मस्जिद में ‘किस’ करने पर ‘मौत’ की सजा: सऊदी अरब में 2 बांग्लादेशियों के ‘मृत्युदंड’ पर बवाल, मक्का की मस्जिद में सफाईकर्मी काम करते थे
- ओरछा में दर्दनाक हादसा: बेतवा नदी में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत, परिवार के साथ घूमने आया था मृतक
- मिशन कर्मयोगी में MP के कर्मचारी पिछड़े! 9 लाख में 2% भी नहीं कर रहे ट्रेनिंग, कलेक्टर्स को मिली जिम्मेदारी
- प्राचीन कंकाली मठ के साल में सिर्फ एक दिन खुले कपाट, विजयादशमी पर नागा साधुओं के अस्त्र-शस्त्र की हुई पूजा, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
- Tiger Shroff Firing Case : 34 हजार रुपये में हत्या की डील, कोटा से पकड़े गए तीनों आरोपी; पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
