Rajasthan News: राजस्थान यूथ कांग्रेस में संगठन के भीतर फर्जी सदस्यता और फर्जी वोटिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह हंगामा किसी विपक्षी दल ने नहीं, बल्कि खुद यूथ कांग्रेस के बड़े चेहरे ने शुरू किया है।

यूथ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में शामिल अभिषेक चौधरी ने एक वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के चुनावी सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में बैठकर धड़ल्ले से फर्जी आईडी बांटी जा रही हैं। सिर्फ वोट काउंट बढ़ाने के लिए लोगों को तरह-तरह के लालच दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग एसी कमरों में बैठकर इस पूरे खेल को अंजाम दे रहे हैं। अगर इसे तुरंत नहीं रोका गया, तो संगठन के इस चुनाव की कोई अहमियत नहीं रह जाएगी।
बीजेपी और आरएलपी नेताओं के नंबर का खेल?
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब यह बात सामने आई कि फर्जी आईडी बनाने के लिए विरोधी दलों के नेताओं के नंबरों का इस्तेमाल हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) से जुड़े कुछ नेताओं के मोबाइल नंबरों से यूथ कांग्रेस की फर्जी सदस्य आईडी बना दी गई हैं। इसके बाद से ही जयपुर के सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। अंदरखाने चर्चा है कि जो गुट आर्थिक रूप से जितना मजबूत है, वह इस चुनाव में उतनी ही बड़ी बढ़त बनाने की जुगत में लगा है।
त्रिकोणीय मुकाबले के बीच बढ़ी तल्खी
वैसे तो इस बार मैदान में अध्यक्ष पद के लिए 20 दावेदार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शुरुआत में मुख्य टक्कर अभिषेक चौधरी और अनिल चौपड़ा के बीच मानी जा रही थी। लेकिन नामांकन के आखिरी दौर में राजकुमार रेपसवाल की एंट्री ने पूरे समीकरण को बदल कर रख दिया। अब मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है। ऐसे मोड़ पर फर्जीवाड़े के आरोपों ने तीनों ही खेमों में बेचैनी बढ़ा दी है।
बीजेपी को मिला बैठे-बिठाए मुद्दा
कांग्रेस के इस अंदरूनी कलह पर बीजेपी ने भी तुरंत चुटकी ली है। भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा ने अभिषेक चौधरी के बयान को लपकते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने घर का चुनाव पारदर्शिता से नहीं करा सकती, वह जनता का भरोसा क्या जीतेगी। गौरा ने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस का यह चुनाव संगठन मजबूत करने के लिए नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की चंदा उगाही का जरिया बन चुका है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘पत्नी का ऑपेशन कराने जाना था, इसलिए पी लिया…’, शराब के नशे में पंचायत का मुखिया गिरफ्तार
- हनुमना अस्पताल में भगवान भरोसे सुरक्षा! प्रसव कक्ष के दरवाजे तक पहुंचे कुत्ते, BMO नदारद
- 32 करोड़ के धान घोटाले के बाद करनाल में सख्ती, सीमाओं पर नाके और मंडी सचिवों की निगरानी
- Stock Market Today : आज बाजार फ्लैट, बैंकिंग-एनर्जी में खरीदारी, ऑटो-फार्मा पर दबाव, जानिए मार्केट की चाल ?
- Gold Silver Price Today : सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ा अपडेट, जानें दिल्ली-मुंबई समेत शहरों में आज का भाव


