Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर जिले के अटलबंद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जवाहर नगर निवासी गौरव सिंह ने कथित तौर पर ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक के पिता चंद्रपाल सिंह ने गौरव की पत्नी मौना, उसकी मां मंजीत कौर और दादा शेर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

चंद्रपाल सिंह ने बताया कि गौरव ने 2017 में मौना से प्रेम विवाह किया था, जिससे मौना का परिवार खुश नहीं था. इस वजह से गौरव और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं. डर के कारण गौरव अपनी पत्नी को लेकर भरतपुर से बाहर चला गया था. कुछ साल बाद, जब उनके दो बच्चे हुए, गौरव मौना को लेकर वापस लौटा. लेकिन इसके बाद मौना के परिजनों का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया, जिससे माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया.
चंद्रपाल सिंह का आरोप है कि मौना के परिजनों ने गौरव को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. जब गौरव अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल जाता, तो उसे बच्चों से मिलने नहीं दिया जाता और मौना की मां व दादा उसके साथ मारपीट करते. इतना ही नहीं, मौना के परिजनों ने गौरव के खिलाफ झूठा मुकदमा भी दर्ज करवाया.
‘1 जून को गौरव जब अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल गया, तो वहां भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से भगा दिया गया. इस दौरान मौना ने कथित तौर पर गौरव से कहा कि वह मर जाए’. परिजनों का आरोप है कि इसी बात से आहत होकर गौरव ने ससुराल में ही आत्महत्या कर ली.
सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. अटलबंद थाने के एएसआई हरीश ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पढ़ें ये खबरें
- विजयादशमी: देश के इन 8 स्थानों पर रावण का दहन नहीं किया जाता बल्कि उनकी पूजा की जाती है…
- फैक्टरी में मिला पटाखों का बड़ा जखीरा, कीमत करीब 3 करोड़ रुपये
- पटना के गांधी मैदान में जला बिहार का सबसे ऊंचा रावण, 2.5 लाख से अधिक लोग बने गवाह
- Deoghar News: देवघर में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप, घर में फंदे से लटका मिला शव
- दिवाली पर Skoda की इन कारों पर मिल रहा ₹90,000 तक का डिस्काउंट, Kylaq, Kushaq और Slavia पर बड़े ऑफर्स
