Rajasthan News: अजमेर के किशनगढ़ इलाके में सोमवार की सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे राजस्थान को हिलाकर रख दिया है। 20 साल की एक लड़की, जिसकी शादी की बात चल रही थी, उसकी लाश खोड़ा गणेश के पास सुनसान पहाड़ियों में पड़ी मिली। घरवाले रो-रोकर कह रहे हैं कि मंगेतर ही अपने दोस्तों के साथ आया और लड़की को जबरन कार में डालकर ले गया।

पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग, किडनैपिंग, गैंगरेप और मर्डर के एंगल से देख रही है। लड़की का गला दबाया गया था। इस खूनी खेल के बाद पूरे किशनगढ़ में तनाव का माहौल है।
घर के बाहर से अपहरण और पहाड़ी पर वो खौफनाक मंजर
लड़की के पिता ने गेगल थाने में जो रिपोर्ट लिखवाई है, वो रोंगटे खड़े कर देने वाली है। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे लड़की घर पर ही थी। अचानक उसका मंगेतर अपने कुछ अनजान दोस्तों के साथ कार लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि ये लोग लड़की को जबरन घसीटते हुए कार में बिठाकर ले गए। इसके बाद वे उसे खोड़ा गणेश मंदिर के पीछे सुनसान पहाड़ी इलाके में ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां लड़की के साथ गलत काम किया गया और फिर गला घोंटकर उसे मार डाला गया।
दादी को आया फोन मैंने जहर खा लिया है
कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मुख्य आरोपी युवक ने अपनी दादी को फोन घुमाया। उसने रोते हुए कहा, मैंने जहर खा लिया है। यह सुनते ही लड़के के घरवाले बदहवास होकर खोड़ा गणेश पहाड़ी की तरफ दौड़े। मौके पर युवक बेहोश पड़ा था और मुंह से झाग निकल रहा था। उससे कुछ ही दूरी पर लड़की की बेजान लाश पड़ी हुई थी। घरवाले दोनों को लेकर तुरंत किशनगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने देखते ही लड़की को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक का इलाज चल रहा है।
अस्पताल पहुंचते ही लड़की के पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। डॉक्टरों और पुलिस के सामने ही वहां जमकर हंगामा हुआ। लोग आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए।
FSL की टीम को क्या मिला?
वारदात की खबर मिलते ही सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी और गेगल थाना प्रभारी नरपत सिंह भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अजमेर से FSL की स्पेशल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस को पहाड़ी पर छानबीन के दौरान बीयर की खाली बोतलें, लड़की का दुपट्टा और उसकी चप्पलें बिखरी हुई मिली हैं। पुलिस ने इन सब चीजों को सील कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) और लोकेशन खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत के पहले लड़की के साथ क्या-क्या हुआ था।
पढ़ें ये खबरें
- चीफ जस्टिस के. आर. मोहपात्रा के सम्मान में ओवेशन, बोले- सभी के सहयोग से हाईकोर्ट न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को करेगा और मजबूत
- थाने में गर्भवती महिला और पति के उतरवाए कपड़े, बेल्ट और डंडों से पीटा, एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
- ‘DM अंकल, बिजली दिला दो…’ बच्चे का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में प्रशासन, बिजली विभाग में मचा हड़कंप
- सुप्रीम कोर्ट की बड़ी सख्ती, बिना अनुमति न्यायिक कार्यवाही की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर शेयर करने पर अंतरिम रोक
- जंगल में फंदे पर लटके मिले महिला-पुरुष, धार और महाराष्ट्र के रहने वाले थे मृतक, जांच में जुटी पुलिस



