Rajasthan Nikay Chunav 2026 के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस का दबदबा कायम रहा, लेकिन क्षेत्रीय दलों ने भी कई निकायों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। सोमवार को जारी परिणाम के मुताबिक 309 नगरीय निकायों के 10,244 वार्डों में भाजपा ने सबसे ज्यादा 4,179 वार्ड जीते हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 3,613 वार्ड आए हैं।

निर्दलीयों ने भी 2,273 वार्डों में जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि कई निकायों में निर्दलीय अब किंगमेकर की भूमिका में हैं। वहीं बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी और बीकानेर के नोखा में माकपा बोर्ड बनाने की स्थिति में पहुंच गई है।

क्षेत्रीय दलों ने भी दिखाया दम

इस बार के निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी, बसपा, आरएलपी, माकपा, भारत आदिवासी पार्टी और एआईएमआईएम जैसे दलों ने भी चुनाव मैदान में उतरकर अपनी ताकत आजमाई। इनमें कुछ दलों को सीमित सफलता मिली, लेकिन कई निकायों में उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले को प्रभावित किया है।

आम आदमी पार्टी ने बारां नगर परिषद में 60 में से 31 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इससे यहां आप का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है। इसी तरह बीकानेर जिले के नोखा में माकपा ने 29 वार्डों में जीत दर्ज की है और वह भी बोर्ड बनाने की स्थिति में है।

RLP सबसे आगे, AAP दूसरे नंबर पर

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार क्षेत्रीय दलों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने सबसे ज्यादा 63 सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी 42 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। माकपा ने 38, बसपा ने 19 और भारत आदिवासी पार्टी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की।

इस तरह क्षेत्रीय दलों ने कुल मिलाकर अलग-अलग निकायों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। हालांकि, ज्यादातर निकायों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा।

BAP को आदिवासी क्षेत्र में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं

भारत आदिवासी पार्टी के लिए निकाय चुनाव के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। आदिवासी अंचल में पार्टी को मजबूत माना जाता है। यहां उसके तीन विधायक और एक लोकसभा सांसद हैं। इसके बावजूद निकाय चुनाव में पार्टी बड़ा प्रदर्शन नहीं कर सकी। भारत आदिवासी पार्टी को सागवाड़ा में 4, डूंगरपुर में 3 और सलूंबर में 1 सीट मिली है।

किस निकाय में किस क्षेत्रीय दल को कितनी सीटें?

आम आदमी पार्टी: बारां में 31, झालरापाटन में 5, पिड़ावा में 5 और झालावाड़ में 1 सीट।

आरएलपी: केकड़ी 2, लक्ष्मणगढ़ 1, ब्यावर 4, रायपुर 4, गुलाबपुरा 1, बीकानेर 1, नापासर 2, राजलदेसर 2, बोरावड 2, डीडवाना 1, खाटू खुर्द 1, लाडनूं 1, बगरू 1, दूदू 1, फागी 1, वाटिका 2, भोपालगढ़ 2, जोधपुर 1, बसनी 13, जायल 1, मेड़ता सिटी 1, मेड़ता रोड 2, मूंडवा 7, नागौर 1, रियांबड़ी 3, सादड़ी 1, खाटूश्यामजी 1, सीकर 1 और माउंट आबू 1 सीट।

माकपा: नोखा 29, श्रीडूंगरगढ़ 1, सूरतगढ़ 1, हनुमानगढ़ 1, टिब्बी 1, उदयपुरवाटी 1, धोद 1, लोसल 1, पलसाना 1 और उदयपुर 1 सीट।

बसपा: अलवर 1, छबड़ा 2, भरतपुर 1, लवाण 1, महवा 1, बृजनगर 1, बाड़ी 2, धौलपुर 3, राजाखेड़ा 1, सैंपऊ 3, सांभर 1, करौली 1 और भिवाड़ी 1 सीट।

AIMIM ने भी खोला खाता

निकाय चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी अपना खाता खोला है। पार्टी ने जयपुर नगर निगम के वार्ड 146 में जीत दर्ज की है।

क्षेत्रीय दलों की बढ़ी उम्मीद

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो निकाय चुनाव में क्षेत्रीय दलों की मौजूदगी भाजपा और कांग्रेस के लिए चिंता का संकेत है। उनका कहना है कि बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी का स्पष्ट बहुमत मिलना खास तौर पर महत्वपूर्ण है।

पढ़ें ये खबरें