राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव 2026 के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने इसमें भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय प्रशासन, स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और अतिक्रमण मुक्त शहरों को प्राथमिकता देने का वादा किया है। AAP ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक परिवहन, प्रदूषण, पार्किंग, व्यापारिक सुविधाओं, निर्माण अनुमति और पेयजल जैसी बुनियादी सेवाओं में सुधार की बात कही है।

पार्टी के राजस्थान प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव सीधे आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़े होते हैं। उनके मुताबिक लोकल बॉडीज में भ्रष्टाचार के कारण जनता को जरूरी सुविधाएं और सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। AAP ने इसी वजह से अपने घोषणा पत्र में स्थानीय स्तर पर प्रभावी और जवाबदेह व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।
AAP बोली, स्थानीय निकायों की व्यवस्था में बड़ा सुधार जरूरी
AAP के सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने कहा कि जिन विकसित देशों के मॉडल को देखकर स्थानीय निकायों की अवधारणा लागू की गई थी, वहां जैसी व्यवस्था भारत में नहीं बन सकी। उनके मुताबिक शहरों की प्लानिंग दूरदर्शी नहीं होने के कारण सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़फोड़ करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और भवन निर्माण में नियमों की अनदेखी की स्थिति गंभीर है। इसका असर शहरों के स्वरूप और प्रदूषण पर पड़ रहा है। AAP ने दावा किया कि सत्ता मिलने पर इन समस्याओं से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर काम किया जाएगा।
शिक्षा में डिजिटल सुविधाओं और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
राजस्थान AAP के चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि घोषणा पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई व्यवस्था को प्रमुखता दी गई है। नगर निकायों के अधीन आने वाली शिक्षा व्यवस्था में बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं, Skill Development और Career Guidance पर जोर देने की बात कही गई है।
पार्टी ने कहा कि स्थानीय निकायों के तहत ऐसी प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बच्चे मानसिक रूप से सक्षम, जागरूक और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ सकें।
भ्रष्टाचार पर AAP का फोकस
देवेंद्र शास्त्री ने आरोप लगाया कि स्थानीय निकायों की कार्यक्षमता कम होने की एक बड़ी वजह भ्रष्टाचार है। उन्होंने दावा किया कि बिना घूस के काम कराना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि AAP के कनवीनर अरविंद केजरीवाल का मानना है कि व्यवस्था से भ्रष्टाचार हटाने पर जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकती हैं। पार्टी ने कहा कि जिस निगम, परिषद या पालिका में उसे जिम्मेदारी मिलेगी, वहां भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकाय की व्यवस्था स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।
हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक का वादा
AAP ने अपने घोषणा पत्र में मोहल्ला क्लीनिक योजना लागू करने का वादा किया है। पार्टी के मुताबिक जिस शहर की जनता उसे स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी देगी, वहां मोहल्ला क्लीनिक योजना लागू की जाएगी।
स्वच्छता के लिए आधुनिक मशीनरी और तकनीक के इस्तेमाल की बात कही गई है। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने का वादा किया गया है।
सड़क, फुटपाथ और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर जोर
AAP ने सड़क और फुटपाथ की व्यवस्था सुधारने के साथ सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने की बात कही है। पार्टी ने बेहतर आवागमन और ट्रैफिक जाम को न्यूनतम करने पर जोर दिया है।
शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए रोजाना निकलने वाले कचरे का उसी दिन निस्तारण करने की बात कही गई है। सड़कों पर वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के उपायों पर भी जोर दिया गया है।
बिजली की तारें भूमिगत करने और ऑनलाइन निर्माण अनुमति का वादा
AAP ने शहरों में खुली बिजली की तारों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने की दिशा में काम करने की बात कही है। निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने का भी वादा किया गया है। पार्टी के अनुसार नियम और गाइडलाइंस जनता की सुविधा, शहर की जरूरत और भविष्य के नियोजित विकास को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे।
BJP-कांग्रेस के खिलाफ खुद को बताया विकल्प
घोषणा पत्र जारी करने के दौरान देवेंद्र शास्त्री ने BJP और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP राजस्थान में दोनों दलों के बीच चल रही राजनीतिक मिलीभगत के खिलाफ वैकल्पिक राजनीतिक मंच के रूप में चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि जयपुर जैसे बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों में भी पार्टी मजबूत विकल्प देने की कोशिश कर रही है।
शास्त्री ने कहा कि जयपुर नगर निगम समेत विभिन्न निकाय क्षेत्रों में AAP ऐसे उम्मीदवार उतारने का प्रयास कर रही है जो शिक्षित, योग्य, ईमानदार और स्थानीय समस्याओं की समझ रखने वाले हों। पार्टी का कहना है कि उम्मीदवार केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि वार्ड और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने वाले होने चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सचिव जुगल किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित दाधीच, वार्ड नंबर 54 से पार्षद प्रत्याशी संगीता गौड़ और प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचेंगे सीएम योगी, विकासकार्यों की देंगे सौगात, 4 को करेंगे श्रीकृष्ण का पूजन
- Kanker News: बस्ती में निकला 8 फीट लंबा अजगर, इलाके में मचा हड़कंप
- होटल में पुलिस की छापेमारी, देह व्यापार का खुलासा, 14 लोग हिरासत में
- Bihar Top News 02 September 2026: अभिनेत्री स्वरा भास्कर के खिलाफ पटना में शिकायत, CM ने शुरू किया चिकित्सा आपके द्वार अभियान
- बदलेगी शहरों की सूरत, अवैध निर्माण पर ड्रोन की नजर, सीएम धामी ने दिया अल्टीमेटम



