Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। भाजपा में शुक्रवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में एक बार फिर मैराथन बैठक चल रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता संभाग प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला प्रभारियों के साथ उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रहे हैं।
नामांकन की आखिरी तारीख 31 अगस्त है। ऐसे में भाजपा के सामने जल्द से जल्द प्रत्याशियों के नाम तय करने की चुनौती है। शुक्रवार की बैठक में भरतपुर और कोटा संभाग के निकायों पर प्रमुखता से चर्चा हो रही है। इसके अलावा बीकानेर संभाग की बची हुई सीटों पर भी मंथन किया जा रहा है। बीकानेर नगर निगम की सीटों पर बेहतर उम्मीदवार तय करने के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं।
भरतपुर-कोटा संभाग पर मंथन
भाजपा की शुक्रवार की बैठक में भरतपुर और कोटा संभाग के निकायों के लिए दावेदारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। संभाग प्रभारियों के साथ स्थानीय समीकरणों और संभावित उम्मीदवारों की स्थिति पर विचार किया जा रहा है।
बीकानेर संभाग की कुछ सीटें भी चर्चा के एजेंडे में हैं। खासतौर पर बीकानेर नगर निगम की सीटों पर समन्वय और मजबूत उम्मीदवार उतारने को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की मौजूदगी में मंथन किया जा रहा है।
अजमेर-उदयपुर में लगभग तय हुए नाम
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और अजमेर संभाग प्रभारी कैलाश मेघवाल ने बताया कि अजमेर और उदयपुर संभाग के निकायों को लेकर विचार-विमर्श लगभग पूरा हो चुका है। अजमेर संभाग में नवगठित ब्यावर जिले के राजनीतिक समीकरणों पर अभी कुछ और चर्चा बाकी है।
कैलाश मेघवाल के मुताबिक पार्टी हर निकाय की सीट को गंभीरता से देख रही है। सभी निकायों में जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ दावेदारों के नामों को पूरी तरह परखा जा रहा है। इसी वजह से टिकट वितरण में समय लग रहा है।
हर वार्ड से 3 नामों का पैनल
भाजपा ने प्रत्याशी चयन के लिए हर वार्ड और सीट से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कराया है। संभाग प्रभारी इन नामों को लेकर पार्टी नेतृत्व के सामने पहुंच रहे हैं। स्थानीय विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी के दौरान सामने आने वाले नए तथ्यों और स्थानीय समीकरणों के आधार पर पैनल में से मजबूत उम्मीदवार का चयन किया जा रहा है।
कैलाश मेघवाल ने संकेत दिया कि अजमेर और उदयपुर संभाग के प्रत्याशियों की सूची देर रात तक जारी हो सकती है। हालांकि, पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अंतिम सूची जारी होने में अभी और समय लग सकता है।
नामांकन के लिए सिर्फ 2 दिन
नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू हुई है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश है। ऐसे में अब 29 और 31 अगस्त को ही प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी

