Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने टिकट वितरण का फॉर्मूला साफ कर दिया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और राजस्थान में बीजेपी के सह-प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि पार्टी इस बार सिर्फ जिताऊ चेहरों को प्राथमिकता देगी।

उन्होंने कहा कि टिकट वितरण मेरिट के आधार पर होगा और किसी तरह की सिफारिश नहीं चलेगी। बावनकुले को 309 निकायों में से सभी 10 नगर निगमों की जिम्मेदारी दी गई है। उनका दावा है कि बीजेपी राजस्थान के सभी 10 नगर निगमों में अपना बोर्ड बनाएगी।
जिताऊ उम्मीदवार को ही मिलेगा टिकट
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर टिकट वितरण को लेकर मंथन कर रहे हैं। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी टिकट में सिफारिश नहीं चलेगी। जो उम्मीदवार चुनाव जीतने की क्षमता रखता है, पार्टी उसी को टिकट देगी। बीजेपी का फोकस ऐसे चेहरों पर है जो अपने वार्ड और क्षेत्र में पार्टी के लिए मजबूत परिणाम ला सकें।
10 नगर निगमों पर केंद्रीय नेतृत्व की नजर
बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से राजस्थान निकाय चुनाव के लिए इलेक्शन को-ऑर्डिनेशन कमेटी भेजी गई है। कमेटी के प्रभारी हरीश द्विवेदी अलग-अलग जिलों में टिकट को लेकर होने वाली बैठकों में शामिल हो रहे हैं। वहीं, चंद्रशेखर बावनकुले को सभी 10 नगर निगमों की जिम्मेदारी दी गई है। वह लगातार इन निगम क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। चुनाव से जुड़े छोटे-बड़े घटनाक्रम की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा रही है।
बावनकुले के मुताबिक, पार्टी चुनावी तैयारियों को लेकर जमीनी स्तर पर लगातार फीडबैक ले रही है। टिकट वितरण से लेकर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों तक पर नजर रखी जा रही है।
महाराष्ट्र का उदाहरण देकर राजस्थान में जीत का दावा
चंद्रशेखर बावनकुले ने महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में बीजेपी के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए राजस्थान में भी बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी ने 29 में से 27 नगर निगमों में जीत हासिल की है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में उन्हें सभी 10 नगर निगमों की जिम्मेदारी दी गई है और वह पिछले पांच दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर रहे हैं। उनके मुताबिक, दौरे के दौरान उन्हें जनता के बीच यह भावना दिखाई दे रही है कि डबल इंजन की सरकार ही विकास को आगे बढ़ा सकती है।
बावनकुले ने कहा कि बीजेपी के बोर्ड बनने पर ट्रिपल इंजन की सरकार के जरिए विकास तेजी से होगा। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो सरकारी योजनाओं का बंटाधार कर देगी।
51 प्रतिशत वोट का लक्ष्य
बीजेपी नेता ने नगर निकाय चुनाव में 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य भी रखा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी सभी नगर निगमों और नगर परिषदों में जीत दर्ज करेगी।
नगर निगम प्रभारी के तौर पर राजस्थान के सभी संभागों का दौरा कर चुके बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इन चुनावों में बीजेपी को राजस्थान की अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिलेगी।
युवाओं को ज्यादा टिकट देने की तैयारी
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि बीजेपी नगर निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को टिकट देने की तैयारी में है। पार्टी स्थानीय स्तर पर नए और युवा चेहरों को मौका देने पर जोर दे रही है। निकाय चुनाव में बड़े नेताओं की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव छोटा नहीं होता। उनके मुताबिक, नगर निकाय चुनाव भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी चुनाव मिलकर लड़ती है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के अनुभव को एक साथ लेकर चुनावी रणनीति तैयार की जाती है और इसी का परिणाम चुनाव में सामने आता है। बावनकुले ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें राजस्थान भेजा है और वह पार्टी की ओर से सहयोग करने के लिए यहां आए हैं। अब टिकट वितरण और चुनावी तैयारियों के बीच बीजेपी का पूरा फोकस मजबूत उम्मीदवारों के चयन और सभी 10 नगर निगमों में बोर्ड बनाने पर है।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी
