Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नामांकन के बाद भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं। अब चुनाव प्रचार के साथ नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। बूंदी में कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने भाजपा पर नगर परिषद में भ्रष्टाचार और राजनीतिक षड्यंत्र के आरोप लगाए।

बाड़मेर में पूर्व विधायक मेवाराम जैन और विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी आमने-सामने आ गए। वहीं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने और ट्रिपल इंजन सरकार का दावा किया।
बूंदी में हरिमोहन शर्मा ने भाजपा को घेरा
बूंदी के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि पिछले नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बना था। उनके अनुसार उस दौरान शहर में बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए। शर्मा ने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस की सभापति को पद से हटा दिया। इसके बाद ऐसा नेतृत्व नगर परिषद पर बैठाया गया, जिसे जनता ने सीधे तौर पर चुनकर जिम्मेदारी नहीं दी थी।
विधायक ने आरोप लगाया कि इसके बाद से बूंदी नगर परिषद में भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में पट्टों का काम प्रभावित है। वहीं अतिक्रमण के नाम पर गरीबों के मकान तोड़े जाने और बड़े लोगों को संरक्षण दिए जाने के आरोप भी लगातार सामने आ रहे हैं।
कांग्रेस बोर्ड बना तो 500 करोड़ के काम का दावा
हरिमोहन शर्मा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव सिर्फ पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है। यह बूंदी शहर के भविष्य की दिशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो शहर में 500 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा। शर्मा के मुताबिक पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के माध्यम से बूंदी शहर में करीब 241 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में 5 हजार से अधिक पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा 56 करोड़ रुपए की लागत से जैत सागर और नवल सागर से आने वाले नाले का निर्माण, 26 करोड़ रुपए से सीवरेज कार्य, 20 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना और 17 करोड़ रुपए से नवल सागर झील एवं आसपास के क्षेत्रों का पर्यटन विकास कराया गया। शर्मा ने ऐतिहासिक दरवाजों, बावड़ियों, कुंडों और बुर्जों के रखरखाव के लिए 14 करोड़ रुपए के काम का भी जिक्र किया।
250 करोड़ के HUDCO ऋण पर भी सवाल
बूंदी विधायक ने नगर परिषद पर करीब 250 करोड़ रुपए के HUDCO ऋण का बोझ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता शहर के विकास के लिए कर्ज लेने के बजाय राज्य सरकार से अधिकतम सीधा अनुदान लाना होगी। शर्मा ने बताया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस से टिकट के लिए 400 से अधिक आवेदन आए थे। 60 वार्डों में उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें सिंबल दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इस बार कांग्रेस के 75 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार 50 वर्ष से कम आयु के हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र के फोल्डर का विमोचन भी किया गया। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, पूर्व उपसभापति लटूर भाई, वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन और कांग्रेस नेता गिरधर शर्मा मौजूद रहे।
बाड़मेर में मेवाराम जैन और प्रियंका चौधरी आमने-सामने
बाड़मेर नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को वार्ड नंबर 30 में कांग्रेस प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। जैन ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में करवाए गए कामों को भाजपा सरकार ढाई साल में भी ठीक नहीं कर पा रही है। उन्होंने बिजली, पानी, चिकित्सा और शिक्षा समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी कई बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बाड़मेर नगर परिषद में एक बार फिर कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा किया।
प्रियंका चौधरी ने पलटवार किया
वार्ड नंबर 34 में भाजपा प्रत्याशी अर्चना चांडक के चुनावी कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचीं बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी ने मेवाराम जैन के आरोपों पर पलटवार किया। चौधरी ने कहा कि भाजपा या मौजूदा सरकार ने सड़कों पर गड्ढे नहीं किए हैं। उन्होंने पूर्व विधायक पर ही सड़कों की खराब स्थिति के लिए सवाल उठाए।
विधायक ने आरोप लगाया कि यदि पहले ईमानदारी से काम किया गया होता तो आज बाड़मेर के विकास के लिए सड़क से आगे की योजनाओं पर काम करने की स्थिति होती। उन्होंने कहा कि सड़कों के साथ बिजली और पानी समेत तमाम समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
प्रियंका चौधरी ने कहा कि विकास के लिए विजन होना जरूरी है और सिर्फ वोट लेना मकसद नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले 15 साल में विजन के साथ काम किया होता तो आज बाड़मेर और आगे होता।
चित्तौड़गढ़ में सीपी जोशी ने किया भाजपा की जीत का दावा
चित्तौड़गढ़ में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने नगर परिषद चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है। जोशी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उनके अनुसार केंद्र और राजस्थान सरकार मिलकर विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता, बेहतर सड़कें, गरीबों को आवास और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद में भी भाजपा की सरकार जरूरी है।
चित्तौड़गढ़ को विकसित शहर बनाना है
सीपी जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ को रेलवे के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। उन्होंने दावा किया कि शहर के चौमुखी विकास के लिए भाजपा ने पहले भी कई काम करवाए हैं। जोशी ने कहा कि आने वाले दिनों में गंभीरी रिवर फ्रंट, ओवरब्रिज सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात शहर को मिलेगी। भाजपा का लक्ष्य चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है।
इस दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, महामंत्री हर्षवर्धन सिंह और रघु शर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के सभी उम्मीदवारों की अलग से बैठक भी ली। इसमें सभी 60 वार्डों के प्रत्याशी और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
पढ़ें ये खबरें
- मसूरी ट्रिप का खौफनाक अंत: दिल्ली के युवक की संदिग्ध मौत, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
- सहरसा में नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद, वैष्णवी ने अपनी गुल्लक की पूरी जमापूंजी की दान
- निकाय चुनाव में घमासान! बूंदी में भ्रष्टाचार का आरोप, बाड़मेर में वार-पलटवार और चित्तौड़गढ़ में BJP की जीत का दावा
- सीवान के पूर्व SP बने निगरानी ब्यूरो के नए एसपी, बिहार में 10 IPS और 3 IAS अधिकारियों का तबादला
- मराठा आरक्षण आंदोलन फिर तेज, मनोज जरांगे का सरकार को अल्टीमेटम; 12 सितंबर को मुंबई कूच की चेतावनी



