Rajasthan Nikay Chunav 2026 से पहले राजस्थान की सियासत में सरकारी स्कूलों और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेशनल डेलीगेशन ने बुधवार को जयपुर में बैठक कर प्रदेश के मौजूदा हालात पर चर्चा की। बैठक में सरकारी स्कूलों की स्थिति, कानून-व्यवस्था और आने वाले दिनों की राजनीतिक रणनीति पर मंथन हुआ।

सरकारी स्कूलों की स्थिति पर CJP का सरकार पर निशाना

CJP का आरोप है कि राजस्थान के कई सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। पार्टी के मुताबिक, कई जगह स्कूल भवन जर्जर हैं और विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करनी पड़ रही है। पार्टी के नेशनल डेलीगेशन की बैठक में इसी मुद्दे को लेकर आगे की रणनीति तैयार की गई। CJP का कहना है कि आने वाले दिनों में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर अभियान को और व्यापक किया जाएगा।

आशुतोष रांका बोले, सरकार के लिए समय निकल रहा

CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पार्टी का नेशनल डेलीगेशन राजस्थान में सरकारी स्कूलों की चिंताजनक स्थिति और कानून-व्यवस्था पर चर्चा करने तथा आगे की योजना बनाने के लिए जयपुर में है। रांका ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, इस सरकार के लिए समय निकलता जा रहा है।

कंवरपुरा स्कूल विवाद से गरमाया मुद्दा

सरकारी स्कूलों को लेकर CJP का अभियान कंवरपुरा स्कूल विवाद के बाद और चर्चा में आया। जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित कंवरपुरा स्कूल में CJP कार्यकर्ताओं के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था। मामला मारपीट तक पहुंचा था। CJP ने दावा किया था कि घटना में उसके कई कार्यकर्ता घायल हुए और एक कार्यकर्ता को फ्रैक्चर भी हुआ। इसके बाद पार्टी ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

पार्टी की मांग थी कि कंवरपुरा स्कूल, जिसे लेकर तबेले में संचालित होने का आरोप लगाया गया था, वहां तत्काल जरूरी काम शुरू कराया जाए। साथ ही कार्यकर्ताओं से मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस जांच में सामने आएगा सच

कंवरपुरा मामले में CJP और ग्रामीणों की ओर से थाने में रिपोर्ट दी गई थी। इसके बाद डीसीपी साउथ ने कहा था कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दी गई जानकारी के मुताबिक, मामले में अभी तक किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

स्कूलों के वीडियो शेयर कर रहे आशुतोष रांका

CJP नेता आशुतोष रांका राजस्थान के अलग-अलग जिलों के सरकारी स्कूलों से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इन पोस्ट के जरिए वह स्कूलों की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। रांका ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से भी सवाल किया कि क्या पत्रकारों पर भी गुंडों से पत्थर फिंकवाए जाएंगे।

पढ़ें ये खबरें