Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच दावों और पलटवार का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 309 निकायों के लिए 60 हजार से अधिक दावेदारों के आवेदन मिलने का दावा किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इन आंकड़ों को खारिज करते हुए कांग्रेस पर आंकड़ों का हवाई किला खड़ा करने का आरोप लगाया। राठौड़ ने कहा कि भाजपा की जमीनी रिपोर्ट में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है।

डोटासरा का दावा, 60 हजार से ज्यादा आवेदन
गोविंद सिंह डोटासरा के मुताबिक, 28 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख तक कांग्रेस के पोर्टल पर 40 हजार से अधिक आवेदन दर्ज हुए। वहीं, जिला और ब्लॉक स्तर पर 20 हजार से अधिक ऑफलाइन आवेदन मिले हैं। इन आवेदनों को डिजिटल सिस्टम में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस के अनुसार अब तक 60 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनाव में टिकट के लिए दावेदारी पेश की है।
डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आवेदन करने वालों की उम्र और वर्ग से जुड़ी जानकारी भी साझा की। उनके मुताबिक, 78 प्रतिशत से अधिक दावेदार 50 वर्ष से कम उम्र के हैं। 53 प्रतिशत से अधिक दावेदार 21 से 40 वर्ष के बीच हैं। वहीं, 7,500 से ज्यादा जनरेशन-जेड युवाओं ने भी आवेदन किया है।
उन्होंने बताया कि 30 प्रतिशत से अधिक महिला कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्र रूप से आवेदन किया है। एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों से भी बड़ी संख्या में आवेदन मिलने का दावा किया गया है।
राठौड़ बोले- आंकड़ों का हवाई किला खड़ा कर रही कांग्रेस
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने डोटासरा के दावों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंकड़ों का हवाई किला खड़ा कर रही है। राठौड़ के मुताबिक, प्रदेशभर के निकायों में प्रवास से लौटे भाजपा चुनाव प्रभारियों की जमीनी रिपोर्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह की बात सामने आई है।
राठौड़ ने कहा कि जनता अपने शहरों को ट्रिपल इंजन सरकार के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सुशासन और विकास मॉडल के आगे कांग्रेस के आंकड़ों का हवाई किला ध्वस्त हो जाएगा।
कांग्रेस पर लगाए कई आरोप
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता शहरी निकायों में कांग्रेस के कार्यकाल की स्थिति को नहीं भूली है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण के आधार पर वार्ड बनाने, पेपरलीक और सरकारी कामों में कट-कमीशन के आरोप लगाए।
वहीं, कांग्रेस की ओर से बताए गए आवेदन के आंकड़े पार्टी के भीतर निकाय चुनाव को लेकर दावेदारों की सक्रियता के तौर पर पेश किए जा रहे हैं। अब टिकट वितरण के दौरान दोनों दलों के सामने दावेदारों को साधने और संभावित बगावत रोकने की चुनौती रहेगी।
309 निकायों पर मुकाबले की तैयारी
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वार्ड स्तर पर उम्मीदवारों के चयन के साथ ही स्थानीय समीकरणों को साधने की कवायद चल रही है। ऐसे में आवेदन के आंकड़ों को लेकर शुरू हुई सियासी बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।
पढ़ें ये खबरें
- जिसे चाचा समझा, वो तो बीवी का पति निकला! 15 दिन की दुल्हन फरार, नए हसबैंड के उड़े होश
- ‘DUSU नतीजों ने दिखाया मूड ऑफ नेशन!’ विजयवर्गीय बोले- ‘NSUI का सुपड़ा साफ’; राहुल के कार्यक्रम पर भी कसा तंज
- सीओ जियाउल हक हत्याकांड: राजा भैया को CBI कोर्ट से बड़ी राहत! याचिका खारिज, जानिए अदालत का पूरा फैसला
- गांधी प्रतिमा के सामने यज्ञ, डोटासरा के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस नेता ने क्यों उठाया ये कदम?
- राहुल गांधी के लिए 24 घंटे इंतजार! 70 साल के भागीरथ बोले- ‘देखने के बाद मौत भी आ जाए तो दुख नहीं’


