Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में 309 नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को PCC वॉर रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर चुनाव में देरी, परिसीमन, आरक्षण, सफाई व्यवस्था, भ्रष्टाचार और नामांकन प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए।

डोटासरा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश और अवमानना की कार्रवाई के बाद सरकार को निकाय चुनाव कराने पड़े। डोटासरा ने कांग्रेस के सत्ता में आने पर शहरी निकायों के लिए कई योजनाओं और व्यवस्थाओं का रोडमैप भी बताया।
डेढ़ साल प्रशासक लगाए, काम अटके
डोटासरा ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल तक निकायों में प्रशासक लगाए गए। इस दौरान जनता के काम प्रभावित हुए। उन्होंने परिसीमन पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि कहीं 10 हजार तो कहीं 30 हजार तक की आबादी वाले वार्ड बनाए गए।
उन्होंने आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। डोटासरा के मुताबिक पहले नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका की लॉटरी अलग-अलग होती थी। इस बार तीनों को मिलाकर लॉटरी निकाली गई। उनका दावा है कि इसी वजह से प्रदेश के किसी भी नगर निगम में महापौर का पद एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं हुआ।
आरक्षण व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
डोटासरा ने कहा कि प्रदेश के 10 नगर निगमों में से किसी एक में भी महापौर का पद एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं हुआ। उनके मुताबिक नगर निगम की एक सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहली बार नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम को एक साथ मिलाकर आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। उनके अनुसार एससी-एसटी वर्ग को आरक्षण केवल नगर पालिकाओं में मिला।
कांग्रेस ने टिकट में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया
डोटासरा ने कांग्रेस के टिकट वितरण के आंकड़े भी सामने रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने युवाओं, महिलाओं, अनुभवी कार्यकर्ताओं और सभी सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है।
उनके मुताबिक कांग्रेस के 40 साल से कम उम्र के 49.33 प्रतिशत उम्मीदवार हैं। ओबीसी वर्ग के 48.85 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के 21.81 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के 5.23 प्रतिशत और महिलाओं के 35.90 प्रतिशत उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।
जयपुर की सड़कों, सफाई और ट्रैफिक पर सवाल
राजधानी जयपुर की व्यवस्थाओं को लेकर भी डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सड़कों में गड्ढे, ट्रैफिक जाम, कचरे के ढेर, बंदरों, सुअरों और आवारा कुत्तों की समस्या का जिक्र किया।
डोटासरा ने कहा कि लंबे समय तक जयपुर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड रहा, लेकिन शहर की मूलभूत समस्याएं दूर नहीं हुईं। उन्होंने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि स्टैच्यू सर्किल जैसी जगह पर रात में एलईडी लाइटें नहीं जलतीं। उनके मुताबिक वे इस बारे में कई बार बता चुके हैं।
सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर सरकार पर हमला
सफाई कर्मचारियों की भर्ती को लेकर डोटासरा ने कहा कि 23 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की घोषणा के बावजूद प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तीन साल में भी भर्ती पूरी नहीं कर पाई और एक भी पद पर नौकरी नहीं दे पाई।
डोटासरा ने कहा कि इस बार सफाईकर्मी भर्ती के लिए जारी नई विज्ञप्ति में ऐसी शर्त जोड़ी गई है, जिसके कारण 23 हजार से ज्यादा पदों के लिए अब तक महज चार हजार आवेदन आए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हर नगर निकाय में हर साल सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था मुफ्त करने का वादा किया।
500 रुपये में मकान का पट्टा देने का वादा
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो 500 रुपये में मकान का पट्टा देने की व्यवस्था जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया।
उन्होंने नामांतरण शुल्क में दी गई राहत को बरकरार रखने की बात कही। साथ ही सीसी रोड, ड्रेनेज, सीवरेज और एसटीपी के लिए अतिरिक्त बजट देने का वादा किया।
डोटासरा ने कहा कि नगर निकायों के सभी विकास कार्यों का स्टेटस ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। शिकायतों के ऑनलाइन निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी।
जयपुर मेट्रो की नई DPR पर भी सवाल
डोटासरा ने जयपुर मेट्रो की नई डीपीआर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि डीपीआर में बदलाव से अतिरिक्त खर्च आएगा और मेट्रो का संचालन लंबे समय तक प्रभावित हो सकता है।
उनका कहना था कि पुरानी डीपीआर के अनुसार काम होता तो एक भी दिन मेट्रो का संचालन बंद नहीं होता। उन्होंने डीपीआर में बदलाव को लेकर भ्रष्टाचार और मनमानी के भी आरोप लगाए।
नामांकन प्रक्रिया में दबाव का आरोप
निकाय चुनाव की प्रक्रिया में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए डोटासरा ने बीकानेर, मालपुरा, नाथद्वारा, पाली और भीलवाड़ा के घटनाक्रमों का जिक्र किया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों पर दबाव बनाया गया। कुछ जगह नामांकन प्रक्रिया में भेदभाव का भी आरोप लगाया।
जयपुर के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के एक वार्ड के टिकट को लेकर विवाद के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि संबंधित व्यक्ति तथ्य लेकर सामने आता है तो पार्टी मामले की जांच कराएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।
बागियों को लेकर भी कार्रवाई का संकेत
कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद असंतोष के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि जहां मतभेद थे, वहां बातचीत के जरिए समाधान निकाला गया। उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागियों पर कार्रवाई का संकेत भी दिया।
डोटासरा ने दावा किया कि कांग्रेस निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शहरों की बुनियादी समस्याओं और विकास के मोर्चे पर विफल रही है।
पढ़ें ये खबरें
- पुलिस बेबस, छात्र बेकाबू! पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ शिक्षा निदेशालय में घुसे TGT अभ्यर्थी, भारी बवाल
- Hyundai Bayon vs Maruti Victoris : 10 लाख के बजट में कौन सी SUV है ज्यादा दमदार? जानें कीमत, फीचर्स और माइलेज
- पटना में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन स्थगित, MLC चुनाव की मतगणना के कारण बदला प्लान, खड़गे के विवादित बयान पर घमासान
- दिल्ली: हिमांशु भाऊ गैंग का शूटर गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद
- अति भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: ओडिशा और पड़ोसी राज्यों में भारी तबाही की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

