Rajasthan Nikay Chunav 2026 के पहले चरण में बुधवार, 9 सितंबर को 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों के लिए मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार 5,393 वार्डों में करीब 43.95 लाख मतदाताओं ने वोट डाला और कुल मतदान प्रतिशत 76.41 रहा।

इस चरण में चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल थीं। मतदान प्रतिशत में कई जगह बढ़ोतरी हुई, जबकि कुछ जिलों में पिछली बार के मुकाबले वोटिंग कम रही। अब राजनीतिक दल और निर्दलीय उम्मीदवार इन आंकड़ों के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। पहले चरण में 20 हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे। अब सभी की नजर 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर है। बाकी निकायों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा।

किस जिले में कितना मतदान हुआ?

प्रतापगढ़ जिले की अरनोद नगर पालिका में सबसे अधिक 91.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं भीलवाड़ा नगरपालिका में सबसे कम 63.68 प्रतिशत मतदान रहा।

  • भीलवाड़ा: पिछली बार 67.13 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 63.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
  • भरतपुर नगर निगम: मतदान 71.86 प्रतिशत से बढ़कर 73.13 प्रतिशत हुआ। वर्ष 2019 में यहां कांग्रेस ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बोर्ड बनाया था।
  • अलवर: मतदान 65.36 प्रतिशत से मामूली बढ़कर 65.75 प्रतिशत हुआ।
  • बीकानेर: वोटिंग 66.93 प्रतिशत से बढ़कर 68.91 प्रतिशत रही।
  • झालावाड़: मतदान करीब चार प्रतिशत बढ़ा। पिछली बार 75 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 79 प्रतिशत वोटिंग हुई।
  • चूरू: मतदान 74.30 प्रतिशत से घटकर 72.81 प्रतिशत रह गया।
  • झुंझुनूं: वोटिंग 2.01 प्रतिशत कम हुई। पिछली बार 80.90 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 74.79 प्रतिशत मतदान हुआ।
  • धौलपुर: मतदान लगभग स्थिर रहा। पिछली बार 74.69 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 74.63 प्रतिशत वोटिंग हुई।
  • नागौर: यहां पिछली बार के मुकाबले मतदान प्रतिशत बढ़ा।

बढ़े मतदान के क्या निकाले जा रहे मायने?

पहले चरण के आंकड़ों में कुछ जिलों में मतदान बढ़ा है तो कुछ जगह कमी आई है। इसी आधार पर बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय खेमे अपने-अपने राजनीतिक समीकरण देख रहे हैं। बढ़ा मतदान सत्ता के पक्ष में संकेत है या बदलाव की आहट, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि इसका अंतिम जवाब 14 सितंबर को मतगणना के बाद ही सामने आएगा।

अब 11 सितंबर को दूसरे चरण की वोटिंग

राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार, 11 सितंबर को होगा। इसके बाद 14 सितंबर को सभी निकाय चुनावों की मतगणना होगी। पहले चरण में 162 निकायों के लिए हुए मतदान के नतीजे भी उसी दिन सामने आएंगे।

पढ़ें ये खबरें