Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान के नगर निगम चुनावों में इस बार Gen-Z उम्मीदवारों की मौजूदगी खास चर्चा में है। भाजपा और कांग्रेस ने जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा के 510 वार्डों में अब तक 21 से 29 साल की उम्र के 70 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

इन पांच शहरों में दोनों दलों के कुल उम्मीदवारों में Gen-Z उम्मीदवारों की हिस्सेदारी 13.72 प्रतिशत है। उपलब्ध उम्मीदवार सूचियों के मुताबिक कांग्रेस ने 49 युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने 21 Gen-Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। यह तस्वीर इसलिए अहम है क्योंकि दोनों प्रमुख दलों ने पहली बार चुनाव लड़ने वाले युवाओं के साथ छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े चेहरों पर भी दांव लगाया है।
जयपुर में कांग्रेस के 12, भाजपा के 6 युवा उम्मीदवार
जयपुर में Gen-Z उम्मीदवारों के मामले में कांग्रेस भाजपा से आगे है। जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। भाजपा ने 21 से 29 साल की उम्र के छह उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें वार्ड 10 से 21 साल की पलक यादव, वार्ड 119 से 22 साल के यश राणावत, वार्ड 150 से 23 साल की शालू मीणा, वार्ड 143 से 29 साल की निधि जैन, वार्ड 115 से 29 साल के सूरज गोदीवाल और वार्ड 63 से 29 साल के अजय टेपन शामिल हैं। कांग्रेस ने जयपुर में 12 Gen-Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। पार्टी का सबसे युवा उम्मीदवार वार्ड 71 से 21 वर्षीय फैज हसन है।
जोधपुर में 17 युवा चेहरे
जोधपुर में भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर 17 Gen-Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। कांग्रेस के 10 और भाजपा के सात उम्मीदवार इस आयु वर्ग में हैं। कांग्रेस की सबसे युवा उम्मीदवार वार्ड 51 से 21 वर्षीय सरस्वती हैं। उन्होंने 2025 में ग्रेजुएशन पूरी की है और आगे की पढ़ाई कर रही हैं। भाजपा ने वार्ड 24 से 24 वर्षीय भाग्यश्री आचार्य को टिकट दिया है। वह MA की पढ़ाई कर रही हैं और अपना पहला चुनाव लड़ रही हैं। जोधपुर के उम्मीदवारों में उम्र और अनुभव का अंतर भी दिखाई दे रहा है। एक वार्ड में युवा उम्मीदवार का मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ उम्मीदवार से है। वहीं 17 Gen-Z उम्मीदवारों में पांच अविवाहित हैं।
उदयपुर में भी युवाओं पर भरोसा
उदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने कुल आठ Gen-Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इनमें कांग्रेस के छह और भाजपा के दो उम्मीदवार हैं। भाजपा की वार्ड 38 से 26 वर्षीय प्रज्ञा पाटीदार भी इस सूची में शामिल हैं। वह पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं और सामाजिक व स्वयंसेवा से जुड़े काम भी करती हैं। उदयपुर में चुनाव लड़ रहे युवा उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि भी अलग-अलग है। इनमें छात्र, स्वयंसेवक और युवा प्रोफेशनल शामिल हैं।
अजमेर में 9, कोटा में सबसे ज्यादा 18 युवा उम्मीदवार
अजमेर में भाजपा ने चार और कांग्रेस ने पांच Gen-Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। यहां दोनों दलों के युवा उम्मीदवारों की कुल संख्या नौ है। वहीं कोटा में युवाओं की चुनावी भागीदारी सबसे ज्यादा दिखाई दे रही है। यहां भाजपा ने दो और कांग्रेस ने 16 Gen-Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। यानी कोटा में दोनों दलों के कुल 18 उम्मीदवार 21 से 29 साल की उम्र के हैं।
कांग्रेस की युवा उम्मीदवारों पर ज्यादा निर्भरता
पांचों शहरों के आंकड़ों में एक बात साफ दिखाई देती है। Gen-Z उम्मीदवारों को टिकट देने में कांग्रेस भाजपा से आगे है। कांग्रेस के 49 उम्मीदवारों के मुकाबले भाजपा ने 21 युवा चेहरों को टिकट दिया है। जयपुर से लेकर कोटा तक कांग्रेस ने कई वार्डों में 21 से 29 साल के उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने भी युवा चेहरों को मौका दिया है, लेकिन उसकी संख्या कांग्रेस की तुलना में कम है।
अब इन युवा उम्मीदवारों के सामने चुनावी राजनीति की पहली बड़ी परीक्षा है। 510 वार्डों में 70 Gen-Z उम्मीदवारों की मौजूदगी यह बताती है कि राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में नई पीढ़ी अब सिर्फ वोटर नहीं, बल्कि उम्मीदवार के तौर पर भी अपनी जगह बना रही है।
पढ़ें ये खबरें
- MP TOP NEWS TODAY: 3 सितंबर को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें
- Today’s Top News: प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचा स्वाइन फ्लू, हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार पर ठोका जुर्माना, चौकीदार की सिर कुचलकर हत्या, रिश्वत लेते प्राचार्य-लिपिक गिरफ्तार, सास ने लगाई फांसी; बहू समेत तीन गिरफ्तार… पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें
- ‘FIR दर्ज करके मुझे चुप नहीं कराया जा सकता’, कैमैक स्ट्रीट दफ्तर में तोड़फोड़ पर ममता का BJP पर हमला, 6 गिरफ्तार
- मिनटों में कटेगा घंटों का सफर! प्रयागराज को मिलने जा रहे 2 बड़े हाईवे, 8300 करोड़ के महाप्रोजेक्ट को हरी झंडी
- राजस्थान निकाय चुनाव में Gen-Z की एंट्री, कांग्रेस ने BJP से ज्यादा दिए टिकट


