Rajasthan Nikay Chunav 2026 के दूसरे चरण में शुक्रवार को डूंगरपुर के सागवाड़ा नगरपालिका समेत 147 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। सागवाड़ा के वार्ड-9 स्थित इंदिरा कॉलोनी के स्कूल नंबर-1 मतदान केंद्र पर EVM में बार-बार तकनीकी खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई।

मशीन तीन बार बंद हुई। इससे मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। बाद में निर्वाचन विभाग ने EVM बदली, जिसके करीब एक घंटे बाद मतदान दोबारा शुरू हो सका। वहीं किशनगढ़ के वार्ड-38 में मतदान केंद्र के बाहर कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई।

47 वोट पड़ने के बाद अचानक बंद हुई EVM

स्थानीय निवासी के अनुसार, मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद सुबह करीब 8:10 बजे EVM में खराबी आ गई। उस समय तक मशीन से 47 वोट डाले जा चुके थे। इसके बाद मशीन को चालू किया गया, लेकिन 10 से 15 वोट पड़ने के बाद वह फिर बंद हो गई। इसके बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। थोड़ी देर बाद EVM तीसरी बार खराब हो गई। लगातार मशीन बंद होने से मतदान प्रक्रिया बार-बार रुकती रही।

लंबी कतार लगी, कुछ मतदाता बिना वोट लौटे

EVM में लगातार आ रही खराबी के कारण मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार बढ़ती गई। लंबे इंतजार से परेशान कुछ लोग बिना मतदान किए ही वापस लौट गए। स्थिति को देखते हुए निर्वाचन विभाग की ओर से नई EVM भेजी गई। मशीन बदलने की प्रक्रिया के बाद करीब एक घंटे में मतदान फिर शुरू हुआ। लगातार तकनीकी समस्या के कारण मतदाताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किशनगढ़ में कहासुनी के बाद दो पक्ष भिड़े

उधर, किशनगढ़ के वार्ड-38 में मतदान के दौरान बूथ के बाहर विवाद हो गया। बूथ नंबर 78 और 79 के बाहर एक निर्दलीय प्रत्याशी और एक अन्य व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। शुरुआत में दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर अफरा-तफरी

मारपीट की घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और बिना किसी विवाद के मतदान प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की। बता दें कि राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को 147 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। इसी चरण में जयपुर नगर निगम समेत कई प्रमुख शहरी निकाय भी शामिल हैं।

पढ़ें ये खबरें