Rajasthan Nikay Chunav 2026 के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार सुबह शुरू हो गया है। राजस्थान के 147 शहरी निकायों में 4,744 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ज्यादातर वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कई जगह निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवारों ने मुकाबले को त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय बना दिया है।

दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सबसे ज्यादा उम्मीदवारों वाला निकाय है। यहां 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके उलट धोरीमन्ना नगरपालिका में सबसे कम 41 उम्मीदवार हैं। वहीं, झुंझुनूं की मंड्रेला नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 में महज 92 मतदाता पंजीकृत हैं। ऐसे में छोटे-बड़े निकायों में चुनावी तस्वीर अलग-अलग नजर आ रही है।
जयपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
जयपुर नगर निगम के दूसरे चरण के चुनाव में 723 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। कई वार्डों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है, लेकिन निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी भी चुनावी समीकरण प्रभावित कर रहे हैं।
मतदान के लिए कर्मचारियों को छुट्टी
मतदान को देखते हुए सरकारी और निजी कर्मचारियों के लिए आज अवकाश है। दूसरे शहर में जाकर मतदान करने वाले कर्मचारियों को भी वोट डालने के लिए छुट्टी दी गई है। मतदान के लिए अवकाश लेने पर कर्मचारियों की सैलरी नहीं कटेगी।
जयपुर में BCU में तकनीकी खराबी, 5 मिनट देर से शुरू हुआ मतदान
जयपुर के वार्ड नंबर 141 के बूथ नंबर 11 पर मतदान शुरू होने के दौरान बैलेट कंट्रोल यूनिट यानी BCU में सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी खराबी सामने आई। इसके चलते मतदान करीब पांच मिनट देरी से शुरू हुआ। प्रशासन ने तत्काल BCU को बदल दिया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो गई।
इस बूथ पर कुल 1,346 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में मतदाता वोट डालने पहुंचे। खास तौर पर युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में उत्साह नजर आया।
पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा, शिक्षा और सुरक्षा बने मुद्दे
पहली बार मतदान करने पहुंचे निधिश ने कहा कि वह वोटिंग को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा व्यवस्था उनके लिए अहम मुद्दा है। उनका कहना है कि एजुकेशन सिस्टम बेहतर होना चाहिए। इसके साथ ही हेरिटेज जयपुर का हिस्सा होने के कारण वह अपने क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी प्राथमिकता देंगे।
वहीं, पहली बार मतदान करने पहुंचीं अंजलि ने सुरक्षा को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि एक महिला के तौर पर समाज में सुरक्षा उनके लिए महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके साथ ही देश के विकास को ध्यान में रखते हुए वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगी।
Rajasthan Nikay Chunav 2026: कब होगी मतगणना?
दूसरे चरण के मतदान के बाद राजस्थान नगर निकाय चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को मतगणना के दौरान सामने आएंगे। दूसरे चरण में 147 शहरी निकायों के 4,744 वार्डों में चुनाव हो रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- दिल्ली के खिलाड़ियों को हर महीने ₹2,000 देगी रेखा गुप्ता सरकार, जानें किसे मिलेगा लाभ
- शूटिंग की स्क्रिप्ट में उत्तराखण्ड की एंट्री! फिल्मी कैमरों की अगली मंजिल देवभूमि, बड़े प्रोडक्शन हाउस ने दिखाई दिलचस्पी
- जहरीली शराब प्रकरण में बड़ी कार्रवाई: आरोपी की निशानदेही पर 26 पेटी शराब व 1128 जले हुए क्वार्टर बरामद, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पोकलेन मशीन भी जब्त
- राशन कार्डधारियों के लिए बड़ा अपडेट: 4 लाख से ज्यादा कार्ड सस्पेंड, 3 महीने में नहीं किया ये काम तो हमेशा के लिए होगा रद्द
- कहीं 723 उम्मीदवार तो कहीं सिर्फ 92 वोटर, राजस्थान में जारी है दूसरे चरण का मतदान


