Rajasthan Nikay Chunav 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान सीकर के कटराथल गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। सीकर नगर परिषद में शामिल कटराथल के वार्ड 56 में स्कूल की छोटी गाड़ी बैक करते समय 8 साल का बच्चा उसकी चपेट में आ गया। वाहन का भारी टायर बच्चे के ऊपर से निकल गया।

गंभीर हालत में उसे एसके अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल वाहन भाजपा प्रत्याशी का है।
बैक करते समय हुआ हादसा
दादिया थानाधिकारी संजय पूनिया के अनुसार, पीड़ित पिता ने शिकायत में बताया कि सुबह करीब 9.15 बजे वार्ड 56 में स्कूल की छोटी गाड़ी का चालक वाहन बैक कर रहा था। इसी दौरान वाहन की चपेट में बच्चा आ गया। बच्चे के नीचे गिरने के बाद वाहन का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। गाड़ी मालिक और आसपास मौजूद लोग बच्चे को तत्काल एसके अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाहन जब्त, चालक की तलाश
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। दादिया थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
मोर्चरी के बाहर परिजनों का प्रदर्शन
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने एसके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा देने की मांग उठाई।
पारीक और डोटासरा ने मांगी कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलने पर सीकर विधायक और पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग भी उठाई। राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी घटना पर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि चुनावी हलचल के बीच मासूम बच्चे की मौत बेहद पीड़ादायक है। डोटासरा ने सरकार से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने की मांग की।
हनुमान बेनीवाल ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कटराथल में 8 साल के बच्चे की मौत को बेहद दुखद बताया। बेनीवाल ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा देने की मांग की।
चुनावी दिन हादसे ने उठाए सवाल
11 सितंबर को निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच हुए इस हादसे ने चुनावी गतिविधियों के दौरान वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चला रहे आरोपी की भूमिका क्या थी। फिलहाल पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
पढ़ें ये खबरें
- अंकिता भंडारी प्रकरण: त्वरित गिरफ्तारी, वकील का बदलाव और आर्थिक संबल… जानिए धामी सरकार के 5 बड़े कदम
- CG News : नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन का एक्शन, बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर सील
- Nana Patekar Prayer Meet: नाना पाटेकर की प्रार्थना सभा में पहुंचे सितारे, शिवाजी साटम से लेकर IAS तुकाराम भी आए नजर
- मध्य प्रदेश कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन, सेवानिवृत्त मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव बने अध्यक्ष
- देहरादून में 16.6 किलो गांजा जब्ती पर मुजफ्फरपुर से सप्लायर गिरफ्तार!

